सरकार वन रैंक वन पेंशन लागू करने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार सेवानिवृत सैनिकों के लिए काफी समय से लंबित 'वन-रैंक-वन-पेंशन' (ओआरओपी) को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी ने ट्विटर पर कहा, "सरकार ओआरओपी को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें कोई संदेह नहीं है।" ओआरओपी के तहत समान रैंक से अलग-अलग तिथियों पर सेवानिवृत हुए सैनिकों के लिए एक समान पेंशन राशि लागू करने की मांग रखी गई है।

मोदी ने ट्विटर पर जारी संदेशों की श्रृंखला में कहा, "मैंने देश में जो संभावनाएं देखी हैं, उनके आधार पर मैं मानता हूं कि गरीब और पिछड़ा बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।" उन्होंने किसानों को देश का आधार बताते हुए लिखा, "किसान देश की रीढ़ हैं। कृषि क्षेत्र में उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए हमें कृषि का आधुनिकीकरण करने की जरूरत है।" एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, "स्वच्छ भारत मिशन को मिली प्रतिक्रिया से हैरान हूं, यह मेरी कल्पना से परे है।"












Click it and Unblock the Notifications