उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य कोरोना पॉजिटिव, ट्वीट कर बोलीं- 'लक्षण नहीं है, संपर्क में आए लोग करा लें जांच'
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में अब उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य भी आ गई हैं। इस बात की पुष्टि खुद उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर दी है। राज्यपाल ने लिखा, 'मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं एसिम्प्टमैटिक हूँ और कोई परेशानी नहीं है। डॉक्टर्स की निगरानी में मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे निकट संपर्क में आयें हैं, कृपया सावधानी बरतें और अपनी जांच करवाएं।'

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज्यपाल बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को ही दिवाली का त्योहार मनाकर आगरा लौटी थीं, इससे पहले उन्होंने रविवार को अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए थे। कोरोना वायरस पॉजिटिव होने के बाद उन्होंने संपर्क में आए सभी लोगों को कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है। बता दें कि राज्यपाल को विधानसभा अध्यक्ष की बेटी की सगाई का निमंत्रण मिला था जिसमें वह शामिल होने की तैयारियां कर रही थीं। हालांकि अब वह समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल वह आपना काम घर से ही करेंगी और आने वाले दिनों में राजभवन में लोगों की आवाजाही बेहद सीमित होने की भी आशंका है।
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों पर ब्रेक लगता नहीं दिखाई दे रहा है, उत्तराखंड भी कोरोना का प्रकोप झेल रहा है अब तक राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 71 हजार के पार पहुंच गई है। रविवार को उत्तराखंड में 466 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई जबकि नौ मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से 65102 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में अभी तक 8616 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में सबसे अधिक 181 कोरोना मरीज मिले हैं।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन की वजह से भारत में फंसा अंग्रेज, पहले हुआ डेंगू-मलेरिया और कोरोना, अब कोबरा ने काटा












Click it and Unblock the Notifications