फोन पर भूकंप से पहले मिल जाएगी चेतावनी, भारत में गूगल Earthquake Alert सर्विस शुरू करेगा
Google Earthquake Alert Service: बीते कुछ सालों में भूकंप की घटनाएं लगातार बढ़ गई है। हाल ही में मोरक्को में शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें 2 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। वहीं भारत में भी आए दिन भूकंप के झटकों की खबरें सामने आती रहती है। इस बीच अब भूकंप आने से पहले ही आपको फोन पर अलर्ट मिल जाएगा।
इंटरनेट सर्च इंजन की दिग्गज कंपनी गूगल भारत में भूकंप अलर्ट सर्विस शुरू करेगी। यह सर्विस एंड्रॉयड स्मार्टफोन में सेंसर का यूज करके भूकंप का अनुमान और उसकी तीव्रता का पता लगाने का काम करेगी, जिसकी जानकारी कंपनी ने बुधवार को दी।

गूगल ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NSC) के परामर्श से भारत में 'एंड्रॉइड भूकंप अलर्ट सिस्टम' पेश किया है।
गूगल ने एक ब्लॉग में बताया, "एनडीएमए और एनएससी के परामर्श के साथ आज हम भारत में एंड्रॉइड भूकंप अलर्ट प्रणाली पेश कर रहे हैं। इसके जरिए हमारी कोशिश एंड्रॉइड यूजरों को उनके क्षेत्र में भूकंप आने की स्वचालित शुरुआती चेतावनी देना है।"
कंपनी के मुताबिक यह सर्विस आने वाले हफ्ते में एंड्रॉइड-5 और उसके बाद के वर्जनों में उपलब्ध होगी। यह सिस्टम एंड्रॉइड स्मार्टफोन में मौजूद छोटे 'एक्सेलेरोमीटर' की मदद लेती है, जो मिनी सीस्मोमीटर (भूकंपमापी) के रूप में काम कर सकता है।
गूगल ने बताया, "जब फोन को प्लग इन करके चार्ज किया जाता है तो यह भूकंप की शुरुआत का पता लगा सकता है। यदि कई फोन एक ही समय में भूकंप जैसे झटकों का पता लगाते हैं, तो हमारा सर्वर इस जानकारी का उपयोग यह अनुमान लगाने के लिए कर सकता है कि भूकंप आ सकता है। फिर हमारा सर्वर आस-पास के फोन पर अलर्ट भेज सकता है।"
गूगल ने कहा कि इंटरनेट सिग्नल प्रकाश की गति से चलते हैं, जो जमीन के माध्यम से भूकंप के झटकों के प्रसार की तुलना में बहुत तेज है, इसलिए अक्सर गंभीर झटके आने से कई सेकंड पहले अलर्ट फोन पर पहुंच जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications