Google Meet अचानक हुआ डाउन, हजारों यूजर्स हुए परेशान, सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
Google Meet Down: बुधवार, 26 नवंबर को भारत में गूगल की फेमस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सर्विस Google Meet अचानक ठप पड़ गई। ऑफिस मीटिंग्स, ऑनलाइन क्लासेस और वर्क-फ्रॉम-होम से जुड़े लोग अचानक प्लेटफ़ॉर्म में लॉगिन या मीटिंग ज्वाइन नहीं कर पाए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूज़र्स की शिकायतों की बाढ़ आ गई।
ऑनलाइन आउटेज मॉनिटरिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, सुबह 11:49 बजे तक 981 से अधिक यूज़र्स ने Google Meet में समस्या की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतों में कहा गया कि या तो मीटिंग लिंक खुल ही नहीं रहा, या फिर "You are unable to join" जैसा एरर मैसेज दिख रहा था। कई बार तो स्क्रीन शेयरिंग और माइक्रोफोन एक्सेस भी अचानक बंद हो गया।
कामकाज पर पड़ा प्रभाव
Google Meet के डाउन होने का असर देशभर के कॉर्पोरेट सेक्टर, EdTech प्लेटफॉर्म्स, स्कूल-कॉलेज की ऑनलाइन क्लासेस और सरकारी मीटिंग्स पर पड़ा। चूंकि बड़ी संख्या में कंपनियां रोज़मर्रा की मीटिंग्स के लिए Google Meet पर निर्भर रहती हैं, इसलिए कामकाज कुछ समय के लिए ठप हो गया। कई यूज़र्स ने बताया कि महत्वपूर्ण प्रेजेंटेशन और क्लाइंट कॉल्स में बाधा आई।
Google Meet के बंद होने की सूचना मिलते ही X (पूर्व Twitter) और Instagram पर #GoogleMeetDown ट्रेंड करने लगा। यूज़र्स ने मीम्स और शिकायतों के जरिए अपनी परेशानी जाहिर की।
गूगल की प्रतिक्रिया का इंतज़ार
अब तक गूगल की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि यह सर्वर-लेवल की समस्या है, जो जल्द ही ठीक हो सकती है। कुछ यूज़र्स ने बताया कि कुछ बार रिफ्रेश करने या ब्राउज़र बदलने से मीटिंग खुल गई, लेकिन समस्या व्यापक रूप से जारी है। यूज़र्स उम्मीद कर रहे हैं कि Google जल्द ही इस समस्या को ठीक करेगा। फिलहाल, कंपनी की सर्विस स्टेटस रिपोर्ट अपडेट होने का इंतज़ार किया जा रहा है।











Click it and Unblock the Notifications