उत्तराखंड में फिल्म ‘गोदान’ टैक्स फ्री, शासनादेश जारी
6 फरवरी को राष्ट्रव्यापी रिलीज़ हुई गोदान फिल्म, उत्तराखंड में टैक्स-फ्री है, जो भारतीय ग्रामीण जीवन और मवेशी कल्याण को दर्शाती है। सरकार सांस्कृतिक मूल्यों और ग्रामीण अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए गोसदन और पशुधन उत्पादकों के समर्थन पर जोर देती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड राज्य में टैक्स फ्री घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है, जिसके बाद यह निर्णय पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

फिल्म ‘गोदान’ 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म भारतीय संस्कृति, ग्रामीण परिवेश और किसान जीवन की संवेदनशील झलक प्रस्तुत करती है। साथ ही समाज को अपनी परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का सशक्त संदेश भी देती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सांस्कृतिक चेतना विकसित होती है, इसलिए ऐसी फिल्मों को प्रोत्साहन दिया जाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications