अरे ये क्या? गोवा सरकार ने लगाया स्लीवलेस और जीन्स पहनने पर बैन
पणजी। यह फरमान किसी खाप पंचायत ने किया होता तो शायद एक पल के लिए समझ में आता मगर खुली संस्कृति के लिए दुनिया भर में मशहूर गोवा की सरकार ने जीन्स और स्लीवलेस कपड़े पहनने को सख्त मना किया है। जी हां वही गोवा जिसका ख्याल दिल में आते ही समुद्र किनारे बिकनी पहने लड़कियों और बॉक्सर पहने लड़कों की तस्वीर दिमाग में आती है।

मगर अब गोवा सरकार के कला और संस्कृति विभाग ने अपने कर्मचारियों के स्लीवलेस कपड़े, कई जेबों वाली पैंट और जींस पहनने पर बैन लगा दिया है। यह जानकारी मंगलवार को विधानसभा ने दी। कला व संस्कृति विभाग के मंत्री दयानंद मांडरेकर ने बताया कि विभाग के निदेशक ने इस सिलसिले में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इसका मकसद कार्यालय परिसर का शिष्टाचार बरकरार रखना है। इस निर्देश में ड्रेस कोड के उल्लंघन पर निगरानी रखने के लिए विभाग के उप निदेशकों को नामित किया गया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ही भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के कई मंत्रियों ने गोवा में भड़काऊ कपड़े पहनने पर पाबंदी की मांग की थी। उनका कहना था कि ऐसे कपड़े पहनना भारतीय संस्कृति के खिलाफ है।












Click it and Unblock the Notifications