गोवा की राज्यपाल ने मनमोहन सिंह पर साधा निशाना, कहा- एक्सीडेंटल नेता
पणजी। गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा। सिन्हा ने कहा कि, कुछ नेताओं को दूसरों की बदौलत पद मिल जाते हैं और उन्हें पद पर बनाए रखने की कुछ मजबूरियां होती हैं। चाहे भले ही वे अच्छा काम करें या नहीं करें। उन्होंने कहा कि, कई प्रकार के नेता होते हैं, उनमें से कुछ 'एक्सिडेंटल' भी हैं और दूसरों की बदौलत पद पर काबिज हो जाते हैं।

गोवा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए मृदुला सिन्हा ने कहा कि, एक 'एक्सिडेंटल लीडर' को आसीन करते समय यह नहीं सोचा गया कि वह मुद्दों, विषयों की बारीकियों को समझता है या नहीं और ऐसा करने के पीछे सिर्फ कुछ मजबूरियां होती हैं। उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब पूर्व प्रधानमंत्री पर बनी बायोपिक 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' विवादों में हैं।
मनमोहन सिंह पर अप्रत्यक्ष रुप से निशाना साधते हुए गवर्नर सिन्हा ने कहा कि, उन्हें (नेता) बनाया जाता है और कुछ काम करने के लिए कहा जाता है। वह कितना काम कर सकते हैं, काम हुआ या नहीं, उनमें काबिलियत है या नहीं, उसने मुद्दों के समझा या अध्ययन किया या नहीं..इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। ऐसा करने के पीछे सिर्फ कुछ मजबूरियां होती हैं।
राज्यपाल ने कहा, एक नेता को यथास्थिति बनाए रखने के लिए नहीं चुना जाता है, बल्कि अपने ग्रुप को आगे बढ़ाने के लिए चुना जाता है। राजनीति में, एक नेता को संवेदनशील होने की जरूरत है। यदि व्यक्ति में दूसरे के दर्द को समझने की क्षमता नहीं है, तो वह एक सफल नेता नहीं हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications