'भारत जोड़ो यात्रा' के बीच गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका, बीजेपी में शामिल हुए 8 विधायक
पणजी, 14 सितंबर: कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा कर रही है। पार्टी का मानना है कि इससे जनता के बीच उसकी पकड़ मजबूत होगी और वो 2024 में बीजेपी को कड़ी चुनौती दे पाएगी, लेकिन यात्रा के बीच ही गोवा कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। गोवा में कांग्रेस के 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। इससे पहले बुधवार सुबह उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात की। बागी विधायकों के मुताबिक वो पीएम मोदी के मिशन से जुड़ना चाहते थे, ऐसे में उन्होंने ये कदम उठाया।

Recommended Video
दरअसल गोवा में विधानसभा की कुल 40 सीटें हैं, जहां पर इस साल फरवरी-मार्च में चुनाव हुए थे। इस चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी खराब रहा, जहां वो 11 सीटों पर ही सिमट गई, जबकि बीजेपी गठबंधन ने 25 सीटें हासिल कीं। अब कांग्रेस के 11 विधायकों में से 8 बीजेपी में शामिल हो गए। ये पार्टी के लिए राज्य में बड़ा झटका है। साथ ही 8 विधायकों के जाने से दल-बदल वाला कानून भी नहीं लागू होगा।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस विधायक दिगंबर कामत, माइकल लोबो, देलीला लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प अमोनकर, अलेक्सो सिकेरा और रूडोल्फ फर्नांडीस पार्टी से नाराज थे। उन्होंने अब बीजेपी का दामन थाम लिया है। वैसे इससे पहले जुलाई में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान भी बगावत की खबरें सामने आई थीं, लेकिन तब कांग्रेस हाईकमान काफी ज्यादा सक्रिय था। जिसके बाद दिल्ली से कई नेता गोवा भेजे गए और किसी तरह वो बगावत रुकी।
लंबे वक्त से जारी है टूट
आपको बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी गठबंधन के पास सिर्फ 13 सीटें थी। इसके बावजूद बीजेपी वहां पर सरकार बनाने में सफल रही। साथ ही कांग्रेस के 10 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे। बाद में दो अन्य विधायकों ने भी कांग्रेस का दामन छोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications