दूसरी जाति के लड़के से शादी की, पिता ने कई दिनों तक कमरे में किया कैद
नई दिल्ली। दूसरी जाति के लड़के से विवाह करने की वजह से 21 साल की लड़की को उसके पिता ने ही कई दिन तक घर में बंधक बनाकर रखा। दरअसल लड़की दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती थी और उसने लड़के से प्रेम विवाह कर लिया, जिससे नाराज पितात ने 7 जून से लड़की को घर के एक कमरे में कैद करके रखा। लेकिन दिल्ली महिला आयोग की मदद से लड़की के पति ने उसे कैदखाने से मुक्ति दिलाने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार दोनों ही लड़के और लड़की की मुलाकात दिल्ली यूनिवर्सिटी में हुई थी, दोनों पिछले दो वर्ष से एक दूसरे को जानते थे। जिसके बाद 7 जून 2019 को लड़की ने लड़के से आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। इसके बाद लड़की ने घर आकर अपने पिता को मनाने की कोशिश की। लेकिन पिता इस शादी के बिल्कुल खिलाफ थे। शादी से नाराज पिता ने लड़की को घर में ही कैद कर दिया। बता दें कि लड़की हरियाणा की रहने वाली है, जबकि लड़का उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
यह मामला उस वक्त सामने आया जब युवती के पति को एक पीड़िता मिली, जिसे दिल्ली की महिला आयोग ने 2017 में कुतुब विहार इलाके से बचाया था। इसके बाद लड़के ने फैसला किया कि वह दिल्ली महिला आयोग की मदद से अपनी पत्नी को मुक्त कराएगा। पति ने दिल्ली महिला आयोग से संपर्क किया और उन्हें अपनी व्यथा बताई। जिसके बाद पुलिस और दिल्ली महिला आयोग की टीम लड़की के घर पहुंची। शुरुआत में लड़की के पिता ने कहा कि लड़की घर में नहीं है, लेकिन जब टीम ने घर में एक कमरा देखा जोकि बाहर से बंद है तो उसे खोलने के लिए कहा। पिता ने इसका विरोध किया, लेकिन बावजूद इसके पुलिस की टीम ने दरवाजा खोला और लड़की को पिता के चंगुल से मुक्त कराया।