इकलौते भाई की तलाश में दर-दर भटक रही बहन, VIDEO अपलोड कर मांगी मदद
सुनंदा शर्मा झारखंड के पतरातू की रहने वाली हैं और भोपाल से इंजीनियरिंग कर रही हैं। सुनंदा का भाई रोशन 11 अक्टूबर से लापता है।
नई दिल्ली। रेलवे की लापरवाही और उदासीनता की शिकार एक बहन अपने इकलौते भाई को तलाशने के लिए अब सोशल मीडिया का सहारा लिया है। भाई की तलाश में दर-दर भटक रही बहन ने सोशल मीडिया पर कहा है कि जिस देश में किसी मंत्री की भैंस को पुलिस 10 घंटे में ढूंढ निकालती है, वहां करीब डेढ़ महीने से लापता एक शख्स को पुलिस क्यों नहीं ढूंढ पा रही है। अब यह वीडियो वायरल हो गया है लेकिन अभी तक इस बहन की आवाज उन लोगों तक नहीं पहुंची है जिनपर उसे इंसाफ दिलाने की जिम्मेदारी है।

जानकारी के मुताबिक सुनंदा शर्मा झारखंड के पतरातू की रहने वाली हैं और भोपाल से इंजीनियरिंग कर रही हैं। सुनंदा का भाई रोशन 11 अक्टूबर से लापता है। सुनंदा ने वीडियो के माध्यम से कहा है कि उस दिन रोशन कानपुर से जम्मू तवी तूरी एक्सप्रेस से अपने घर जाने के लिए चढ़ा। वो किसी काम से इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरा तो उसकी ट्रेन छूट गई। तब उसने अपना सामान अगले स्टेशन पर उतरवाने के लिए जीआरपी को शिकायत भी की थी लेकिन उसके बाद से उसे किसी ने नहीं देखा।
सुनंदा ने शिकायत की है कि पिछले 43 दिनों से वो पुलिस थानों के चक्कर लगा लगा कर थक गई है लेकिन उसे मदद नहीं मिल रही है। अब सुनंदा ने अपने भाई को ढूंढने के लिए सोशल मीडिया की मदद ली। फेसबुक और यूट्यूब पर 'I want justice' नाम से अभियान चलाया गया है। यही नहीं उत्तर प्रदेश और झारखंड की सरकारों से लेकर पीएमओ और रेलमंत्रालय तक से मदद की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications