नोटबंदी से हर कोई है परेशान, यही है सबसे बड़ा घोटाला: गुलाम नबी आजाद
कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सरकार द्वारा की गई नोटबंदी अभी तक का सबसे बड़ा घोटाला है।
नई दिल्ली। विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने पीएम मोदी पर नोटबंदी को लेकर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा है कि इस समय देश का कोई ऐसा शख्स नहीं है जो सरकार द्वारी की गई नोटबंदी से परेशान नहीं है।

गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सरकार द्वारा की गई नोटबंदी अभी तक का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले पर विपक्ष एकजुट होकर केन्द्र सरकार के सामने सभी मुद्दों को उठाएगा।
9 नवंबर से लगा है बैन
8 नवंबर की आधी रात के बाद से यानी 9 नवंबर से मोदी सरकार ने 500 और 1000 रुपए के नोटों पर बैन लगा दिया है। अब यह नोट सिर्फ कागज का टुकड़ा भर रह गए हैं। इनके बदले सरकार ने 500 और 2000 रुपए के नए नोट जारी किए हैं, जिन्हें किसी भी बैंक या पोस्ट ऑफिस में जाकर बदला जा सकता है।
इन चीजों पर है 24 नवंबर तक राहत
500 और 1000 रुपए के नोट बंद होने के बाद लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप, दूध बूथ, अस्पताल, रेलवे बुकिंग काउंटर, हवाई टिकट काउंटर और बस स्टेशन जैसे स्थानों पर 24 नवंबर की आधी रात तक पुराने नोट चलाए जाने का आदेश दे दिया है।
एटीएम और बैंक में भी दी सुविधा
इसके अलावा सरकार ने बैंकों में पुराने नोट बदलवाने की सीमा को भी बढ़ा दिया है। पहले यह सीमा 4000 रुपए थी, लेकिन अब इसे 4500 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा एटीएम से एक दिन में पैसे निकालने की जो सीमा 2000 रुपए थी, उसे भी बढ़ाकर 2500 रुपए कर दिया गया है।
अस्पतालों पर सख्ती
हाल ही में कई अस्पतालों द्वारा पुराने पैसों को न लेने की वजह से इलाज के अभाव में कुछ मौतें हुईं, जिस पर सख्ती दिखाते हुए सरकार ने अस्पताल पर कैटरर्स पर सख्ती दिखाने का आदेश दिया है। अगर कोई अस्पताल या कैटरर्स पुराने नोट नहीं लेता है या फिर चेक, डिमांड ड्राफ्ट या ऑनलाइन पेमेंट लेने से मना करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications