पैर पर चढ़ गया बकरा तो खोड़ा में शुरू हो गया धार्मिक तनाव, भारी पुलिस बल मौजूद
नई दिल्लीः खोड़ा के इंदिरा विहार कॉलोनी में सोमवार की सुबह दो समुदाय के लोगों के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद की शुरुआत सोमवार की सुबह 6.30 हुई, जब एक शख्स अपनी बेटी के साथ नाली साफ कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी के घर बंधा बकरा खुलकर नाली साफ कर रहे शख्स के पैर पर चढ़ गया। इसी बात को लेकर दो समुदाय के लोगों में कहासुनी शुरू हो गई। बात हाथापाई तक पहुंच गई। दोनों ने अपने रिश्तेदारों को भी बुला लिया। लड़ाई हुई, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया।

इलाके में तनाव के कारण भारी पुलिस बल तैनात
इलाके में भारी तनाव को देखते हुए काफी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। खोड़ा, इंदिरापुरम और लिंक रोड थाने की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। एक शख्स ने दूसरे पर आरोप लगा है कि वो लोग उसे घर में घुस गए और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की।

पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है
वहीं, दूसरे शख्स का आरोप है कि भीड़ ने उसके धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़फोड़ और पथराव किया। दोनों पक्षों को दलीलें सुनने के बाद पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इलाके में तनाव के हालात को देखते हुए पुलिस कई लोगों को थाने में ले गई। थाने में भी हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। जब भीड़ काबू में नहीं हुई तो पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।

जांच के बाद ही गिरफ्तारी की जाएगी- एएसपी रवि कुमार
पुलिस ने इस मामले में कई लोगों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में एएसपी रवि कुमार का कहना है कि छेड़छाड़ मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही गिरफ्तारी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications