पीएम मोदी से मिले सेना प्रमुख नरवणे, कहा-सेना अस्पतालों में आम लोग करा सकते हैं इलाज
नई दिल्ली, अप्रैल 29: चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एमएम नरवणे ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने कोविड प्रबंधन में सहायता के लिए सेना द्वारा की जा रही विभिन्न पहलों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड-19 प्रबंधन को लेकर सेना की ओर से उठाए गए कदमों और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। पीएमओ की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक नरवणे ने प्रधानमंत्री को बताया कि विभिन्न राज्य सरकारों को सेना के चिकित्साकर्मी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में सेना की ओर से अस्थायी अस्पतालों का भी निर्माण किया जा रहा है। नरवणे ने प्रधानमंत्री को बताया कि जहां संभव हो रहा है वहां सेना के अस्पतालों में आम जनता की सेवा में इस्तेमाल किया जा रहा है और इसके लिए आम नागरिक चाहें तो पास के सेना के अस्पताल से संपर्क साध सकते हैं। जनरल ने प्रधानमंत्री को बताया कि सेना आयातित ऑक्सीजन टैंकरों तथा वाहनों के लिए, जहां उन्हें प्रबंधित करने के लिए विशिष्ट कौशलों की आवश्यकता होती है, मैनपावर के साथ उनकी सहायता कर रही है।
देश में तेजी से बढ़ते कोविड-19 के मामलों के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने पिछले दिनों प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और वायुसेना अध्यक्ष आर के एस भदौरिया से मुलाकात कर सेना के विभिन्न अंगों द्वारा इस महामारी से लड़ने के मद्देनजर उठाए गए कदमों की तैयारियों का जायजा लिया था।
बता दें कि गुरुवार को को देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 3,79,257 मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही देश में संक्रमण के कुल मामले 1,83,76,524 हो गए हैं। सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में 3,645 लोगों की मौत होने के बाद इस घातक बीमारी के मृतकों की संख्या 2,04,832 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications