'केवल इमारतें बनाना विकास नहीं', धारावी प्रोजेक्ट को लेकर माइकल ब्लूमबर्ग से बोले अदाणी
Gautam Adani Meets Michael Bloomberg: अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा है कि भारत में स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते कदमों के साथ बिजली का सस्ता और भरोसेमंद होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में होने वाले इस बदलाव से न तो आम परिवारों का खर्च बढ़ना चाहिए और न ही उद्योगों की तरक्की रुकनी चाहिए।
गौतम अदाणी ने बुधवार को लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा कर ये बातें कहीं। उन्होंने नई दिल्ली में माइकल ब्लूमबर्ग से मुलाकात के बाद स्वच्छ ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, शहरी विकास और भारत की आर्थिक प्रगति से जुड़े कई मुद्दों पर अपने विचार रखे।

अदाणी के अनुसार, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव तभी सफल होगा, जब यह आर्थिक रूप से फायदेमंद हो और इसके साथ देश के विकास के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा भी तैयार किया जाए।
ये भी पढ़ें: AI और डेटा सेंटर मैन्युफैक्चरिंग में अदाणी का बड़ा दांव! अमेरिकी कंपनी Jabil Inc के साथ पार्टनरशिप
आम लोगों पर नहीं बढ़ना चाहिए बोझ
गौतम अदाणी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए उठाए जाने वाले कदमों का असर आम नागरिकों की आर्थिक स्थिति पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जलवायु से जुड़ी कार्रवाई के कारण लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े, कारखाने बंद न हों और ग्लोबल साउथ के विकासशील देशों की प्रगति भी प्रभावित न हो।
उनके मुताबिक, ऊर्जा के क्षेत्र में बदलाव को सफल बनाने के लिए स्वच्छ बिजली को घरों और कारोबारों, दोनों के लिए सस्ता और भरोसेमंद विकल्प बनाना होगा।
ग्रीन प्रीमियम कम करने पर जोर
अदाणी ने स्वच्छ ऊर्जा अपनाने में आने वाले अतिरिक्त खर्च को कम करने की जरूरत बताई। इस अतिरिक्त लागत को 'ग्रीन प्रीमियम' कहा जाता है। उन्होंने कहा कि पूंजी, सरकारी नीतियों और योजनाओं को जमीन पर लागू करने की प्रक्रिया को मिलकर काम करना होगा, ताकि स्वच्छ बिजली मौजूदा विकल्पों के मुकाबले सस्ती और बेहतर बन सके।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जलवायु में बढ़ते उतार-चढ़ाव के बीच ऊर्जा की पुरानी व्यवस्थाओं पर लगातार निर्भर रहना भी सही नहीं होगा। अदाणी के अनुसार, भारत को आर्थिक विकास और लोगों का जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए बिजली उत्पादन, औद्योगिक क्षमता और डिजिटल सेवाओं तक पहुंच का विस्तार करना होगा।
केवल बंदरगाह और डेटा सेंटर बनाना काफी नहीं
गौतम अदाणी ने कहा कि लंबे समय तक आर्थिक विकास को बनाए रखने वाला बुनियादी ढांचा केवल भौतिक निर्माण तक सीमित नहीं है। उन्होंने बंदरगाहों, बिजली ट्रांसमिशन कॉरिडोर, ग्रीन हाइड्रोजन संयंत्रों और कंप्यूटिंग सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनके साथ भरोसेमंद डेटा, जवाबदेह संस्थाएं और प्रभावी प्रशासन भी उतने ही जरूरी हैं।
उनके मुताबिक, राष्ट्र निर्माण के लिए चार चीजें विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं। इनमें लंबे समय तक निवेश करने वाली पूंजी, योजनाओं को जमीन पर लागू करने की क्षमता, पारदर्शी प्रशासन और सक्षम स्थानीय नेतृत्व शामिल हैं।
धारावी के विकास पर भी हुई चर्चा
माइकल ब्लूमबर्ग के साथ बातचीत में शहरी विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान गौतम अदाणी ने मुंबई की धारावी पुनर्विकास परियोजना का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि धारावी परियोजना की सफलता का आकलन केवल इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि वहां कितनी इमारतें या कितनी रियल एस्टेट संपत्ति तैयार हुई है। इसके बजाय यह देखना ज्यादा जरूरी है कि इस परियोजना से वहां रहने वाले लोगों के जीवन और उनकी आजीविका में कितना सुधार हुआ है।
शहरी विकास का मॉडल बन सकती है धारावी
गौतम अदाणी के अनुसार, अगर बुनियादी ढांचे के विकास के साथ स्थानीय लोगों का भरोसा बनाए रखा जाए और उनकी आर्थिक गतिविधियों की सुरक्षा की जाए, तो धारावी शहरी विकास का एक उदाहरण बन सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी बुनियादी ढांचा परियोजना का महत्व केवल बनाई गई संपत्तियों की संख्या से नहीं मापा जाना चाहिए। इसके बजाय यह देखना चाहिए कि उस परियोजना से लोगों को क्या अवसर मिले और वे अपने जीवन में क्या हासिल कर सके।
ब्लूमबर्ग ने की भारत की प्रगति पर चर्चा
गौतम अदाणी की लिंक्डइन पोस्ट के अनुसार, माइकल ब्लूमबर्ग ने मंगलवार को दिल्ली में आयोजित ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्रों में भारत की प्रगति पर बात की।
इसके बाद नई दिल्ली में गौतम अदाणी और माइकल ब्लूमबर्ग की मुलाकात हुई, जिसमें ऊर्जा परिवर्तन, बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़े इन मुद्दों पर विचार साझा किए गए।
ये भी पढ़ें: अदाणी सीमेंट ने मध्य प्रदेश के क्यामोर प्लांट में 15,000 सीमेंट बोरियों से बनाई माँ दुर्गा की विशाल हवाई आकृति


Click it and Unblock the Notifications
