WFI Election: गुवाहाटी हाई कोर्ट ने कुश्ती महासंघ के चुनाव पर लगाई रोक, 11 जुलाई को होने थे इलेक्शन
WFI Election: 11 जुलाई को होने वाले कुश्ती महासंघ के चुनावों को लेकर बड़ी खबर आ रही है। गुवाहाटी हाई कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव पर रोक लगा दी है।
गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने रविवार को असम कुश्ती संघ द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई करते हुए 11 जुलाई को होने वाले डब्ल्यूएफआई के चुनावों पर रोक लगाने का फैसला सुनाया है।

असम कुश्ती संघ की मांग पर कोर्ट ने यह रोक लगाई गई है। असम कुश्ती संघ ने डब्ल्यूएफआई, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) तदर्थ समिति और खेल मंत्रालय के खिलाफ अपनी याचिका दायर की, जिसमें कहा कि वह डब्ल्यूएफआई का संबद्ध सदस्य बनने का हकदार है।
याचिका में बताया गया कि 5 नवंबर 2014 को गोंडा में डब्ल्यूएफआई की जनरल काउंसिल में तत्कालीन डब्ल्यूएफआई कार्यकारी समिति द्वारा की गई सिफारिश के बावजूद इसे मंजूरी नहीं दी गई। याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि जब तक उनका निकाय डब्ल्यूएफआई से संबद्ध नहीं है, और वे निर्वाचक मंडल में अपने प्रतिनिधि को नामित नहीं कर सकते, तब तक चुनाव प्रक्रिया रोक दी जानी चाहिए।
अदालत ने डब्ल्यूएफआई तदर्थ निकाय और खेल मंत्रालय को निर्देश दिया कि सुनवाई के लिए अगली तारीख तय होने तक उन्हें डब्ल्यूएफआई की कार्यकारी समिति के चुनाव के साथ आगे नहीं बढ़ना चाहिए।
बता दें कि बुधवार को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की तदर्थ समिति ने कुश्ती संघ के चुनावों को पांच दिन के लिए आगे बढ़ा दिया था। जबकि यह चुनाव छह जुलाई को प्रस्तावित थे। जिसे तदर्थ समिति ने बदलकर 11 जुलाई कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications