गणपति विसर्जन के दौरान कई शहरों में हादसे, 10 से ज्यादा डूबे, कई बच्चे भी शामिल
नई दिल्ली, 19 सितंबर: गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान रविवार को हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में हुए हादसों में 10 से ज्यादा लोग डूब गए हैं। डूबने वाले में कई बच्चे भी शामिल है। कई लोगों को बचाव दल ने सुरक्षित भी निकाला है जबकि कई लोगों की देर रात तक तलाश जारी थी।
हरियाणा में यमुना नगर में नाव पलटी
हरियाणा के यमुनानगर में यमुना नहर में एक नाव में छह लोग गणपति विसर्जन के लिए आए थे। इसी दौरान नाव डूब गई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट तरुण सहोता ने बताया है कि नाव नदी में पलट गई। नाव में 6 लोग थे जिसमें 4 बचा लिए गए हैं। वहीं दो लोग डूब गए, जिनकी तलाश जारी है।
मुंबई के बीच पर हादसा
महाराष्ट्र के मुंबई में भी गणपति विसर्जन के दौरान पांच बच्चे डूब गए। बीएमसी ने बताया है कि मुंबई के वर्सोवा बीच पर गणपति विसर्जन के समय चार बच्चे डूब गए, जिनमें से दो को बचा लिया गया लेकिन तीन का पता नहीं चल सका। उनको ढूंढ़ने के लिए अभियान जारी है।
यूपी के बाराबंकी में पांच लोग डूबे
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में कल्याणी नदी के भोहरा घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच लोग नदी के तेज बहाव में बह गए। इसमें तीनएक ही परिवार के थे। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद महिला का शव निकाला। नदी में डूबे चार दूसरे लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। जो डूबे लोगों को तलाश रही है।
एमपी के भिंड और सतना में हादसे
मध्य प्रदेश के भिंड रविवार को गणेश विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। एमपी के सतना में भी तालाब में डूबने से रविवार को तीन बच्चों की मौत हो गई, हालांकि सतना की घटना गणपति विसर्जन के दौरान हुई नहीं बताई गई है। ये बच्चे तालाब में नहा रहे थे, तभी गहराई में चले गए और डूब गए।
Recommended Video