गगनयान मिशन में आज क्या-क्या हुआ, जानें इसरो के इस प्रोजेक्ट से जुड़े हर सवाल का जवाब?
इसरो ने फिर से एक नया कीर्तिमान रच दिया है, जहां शनिवार सुबह गगनयान के क्रू मॉड्यूल को सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। इसरो चीफ ने इस मिशन को सफल बताया है। लोगों के मन में इस मिशन को लेकर कई सवाल हैं, आइए जानते हैं हर सवाल का जवाब-

क्या है गगनयान मिशन?
इसरो ने मंगल और चांद समेत अंतरिक्ष में कई मिशन चलाए, लेकिन ये सभी मानवरहित रहे। अब वो तीन लोगों को स्पेस में भेजने की योजना बना रहा है। इस मिशन को गगनयान मिशन नाम दिया गया।
आज क्या हुआ?
वैसे तो सैटेलाइट, रोवर आदि को भेजने में इसरो एक्सपर्ट हो चुका है, लेकिन उसे पहली बार इंसान को स्पेस में भेजना है। ऐसे में बहुत सावधानी बरती जा रही। गगनयान मिशन का ट्रायल चल रहा। इसी के तहत आज अबॉर्ट मिशन-1 (Test Vehicle Abort Mission -1) और टेस्ट व्हीकल डेवलपमेंट फ्लाइंट (TV-D1) टेस्ट किया गया।
कितनी आ रही इस मिशन की लागत?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गगनयान मिशन इसरो का काफी महंगा मिशन है। इसकी लागत 90 बिलियन रुपये बताई जा रही। इसके तहत तीन अंतरिक्ष यात्री 400 किमी की कक्षा में जाएंगे और वहां पर तीन दिन बिताएंगे। इसके बाद उनको सुरक्षित धरती पर लाया जाएगा। अगर ये मिशन सफल हुआ तो सोवियत संघ, अमेरिका और चीन के बाद भारत अंतरिक्ष में मानव भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा।
आज कितनी ऊपर गया रॉकेट?
शनिवार की टेस्टिंग में क्रू मॉड्यूल को रॉकेट के जरिए स्पेस में भेजा गया। वो साढ़े सोलह किलोमीटर ऊपर गया और फिर बंगाल की खाड़ी में लैंड किया।
क्यों टाली गई लॉन्चिंग?
इसरो ने इस टेस्ट को शनिवार सुबह 8 बजे के करीब करने की योजना बनाई थी, लेकिन उस वक्त कुछ गड़बड़ी आ गई। हालांकि कुछ ही देर में उसको सही कर लिया गया, इसके बाद 10 बजे के करीब दोबारा उसकी लॉन्चिंग हुई। इसरो चीफ के मुताबिक ये टेस्ट पूरी तरह से सफल रहा।
लैंडिंग में कितने पैराशूट का हुआ इस्तेमाल?
इसरो चीफ के मुताबिक क्रू एस्केप मॉड्यूल ने तीन पैराशूट के जरिए सफल लैंडिंग की है। वो पूरी तरह से सुरक्षित जमीन पर उतरा।
फाइनल मिशन कब होगा लॉन्च?
वैसे तो इसरो की ओर से कोई तय तारीख नहीं बताई गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले साल के आखिर या फिर 2025 की शुरुआत में फाइनल मिशन को लॉन्च किया जाएगा। इससे पहले 2024 में एक रोबोट को इस मिशन के तहत अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। अगर वो सफल रहा, तो उसी आधार पर मिशन आगे बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications