विदेशी मेहमानों के लिए प्रगति मैदान में बना 'डिजिटल इंडिया एक्सपीरियंस जोन', क्या है खास?
दिल्ली के प्रगति मैदान में जी20 सम्मेलन शुरू हो गया है। तमाम राष्ट्राध्यक्षों के साथ बड़ी संख्या में विदेशी मेहमान भी आए हैं, जो भारत मंडपम और प्रगति मैदान के अन्य हिस्सों को देख रहे। वहां पर उनके लिए खास स्टॉल लगाए गए हैं, जिनके जरिए सरकार उन्हें देश की डिजिटल क्रांति दिखा रही।
प्रगति मैदान में यूपीआई, टेलीमेडिसिन सेवा ई-संजीवनी, आधार समेत अन्य डिजिटल सेवाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अलावा कुछ वर्चुअल प्लेटफॉर्म भी बनाए गए हैं, जिनके जरिए विदेशी मेहमान इन सेवाओं का अनुभव भी कर रहे।

मामले में एक अधिकारी ने बताया कि भारत की डिजिटल क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए हॉल नंबर 4 और 14 में खास प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके जरिए विदेशी मेहमानों को आधार, डिजीलॉकर और दीक्षा पोर्टल समेत अन्य चीजों के बारे में बताया जा रहा।
उन्होंने आगे कहा कि ये डिजिटल इंडिया एक्सपीरियंस जोन बहुत खास है, ये हमें भारत की अत्याधुनिक तकनीक को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने में सक्षम कर रहा। इसमें विदेशी मेहमानों को बताया जा रहा कि कैसे कोई मरीज जो दूर के गांव में है, वो टेलीमेडिसिन के जरिए डॉक्टर से परामर्श ले सकता है।
राष्ट्राध्यक्षों का जोरदार स्वागत
वहीं दूसरी ओर 9 सितंबर यानी आज सुबह से समिट का शुभारंभ हो गया। सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्रम मोदी अपनी टीम के साथ भारत मंडपम पहुंचे। इसके बाद उन्होंने एक-एक करके विदेशी मेहमानों का जोरदार स्वागत किया। फिर उनका छोटा सा संबोधन हुआ, जिसके बाद समिट की कार्यवाही शुरू हुई।
जी20 क्रॉफ्ट मार्केट छाई
प्रगति मैदान में जी20 क्राफ्ट मार्केट लगाई गई है। जिसमें देशभर से आए लोगों के स्टॉल लगे हुए हैं। विदेशी मेहमान इसमें काफी दिलचस्पी दिखा रहे, साथ ही वो जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं। इस क्रॉफ्ट मार्केट के जरिए दुकानदार भारतीय संस्कृति, कला आदि का प्रदर्शन कर रहे। इसके अलावा विदेशी मेहमानों के लिए खास रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे।












Click it and Unblock the Notifications