शोले की तस्वीर शेयर कर धर्मेंद्र बोले-'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे', क्या अब भी बरकरार है जय-वीरू का याराना
शोले की तस्वीर शेयर कर धर्मेंद्र बोले-'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे', क्या सच में अब भी वैसे ही बरकरार है जय-वीरू का याराना
मुंबई, 01 अगस्त: 'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे, तोड़ेंगे दम मगर तेरा साथ ना छोड़ेंगे', साल 1975 में आई फिल्म शोले का ये गाना दोस्ती पर बने सबसे हिट गानों में से एक है। ये गाना बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन पर फिल्माया गया है। फिल्म शोले में दोनों की दोस्ती यानी जय और वीरू की लोग मिसाल देने लगे थे। अब ये मानों एक कहावत बन गई है कि जय-वीरू जैसी दोस्ती है। रविवार (01 अगस्त) को फ्रेंडशिप डे के मौके पर धर्मेंद्र ने इस गाने को याद किया है और लोगों को फ्रेंडशिप डे की बधाई दी है। धर्मेंद्र ने ट्विटर पर फिल्म शोल की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है- ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे। साथ में अपनी और अमिताभ बच्चन की तस्वीर भी शेयर की है।
Recommended Video

क्या आज भी बरकरार है अमिताभ और धर्मेंद्र की दोस्ती
अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की जय और वीरू जोड़ी ने उन्हें कई अवॉर्ड और कई सम्मान दिलाए। दोनों दिग्गज अभिनेताओं ने शोले, चुपके चुपके, राम बलराम, अंधा कानून जैसी कई फिल्मों में एक साथ काम और दर्शकों का मनोरंजन किया है। लेकिन फिल्मी पर्दे पर निभाई जय और वीरू की दोस्ती आज भी बरकरार है। अभिताभ बच्चन और धर्मेंद्र आज भी एक-दूसरे के उतने ही अच्छे दोस्त हैं। भले ही उन्हें अब स्क्रीन स्पेस साझा करने का मौका नहीं मिलता है लेकिन दोनों हमेशा खुलकर एक-दूसरे की तारीफ करते नजर आते हैं।

जब धर्मेंद्र ने अमिताभ को कहा था- बॉलीवुड का इंजन, जो कभी नहीं थकता
फिल्म शोले की रीयूनियन पर धर्मेंद्र ने अमिताभ बच्चन की तारीफ करते हुए कहा था, अमिताभ बच्चन फिल्म इंडस्ट्री के इंजन हैं, हर कोई उनका पीछा कर रहा है, लेकिन वह कभी थकते नहीं हैं ... आज उन्होंने यह किया, कल वह करेंगे और परसों कुछ और करेंगे। भगवान उसे लंबी उम्र दे। वह मेरे छोटे भाई की तरह है। वह जो कुछ भी करता है वह हम सभी के लिए एक सीख है।'' इस कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन जया बच्चन और फिल्म निर्माता रमेश सिप्पी और हेमा मालिनी भी शामिल थीं।

बिगबी के कोरोना संक्रमित होने पर धर्मेंद्र ने कही थी दिल छू लेने वाली बात
जुलाई 2020 में अमिताभ बच्चन कोरोना संक्रमित हो गए थे। धर्मेंद्र ने उनकी जल्दी रिकवरी को लेकर ट्वीट किया था और लिखा था- "अमित, जल्दी ठीक हो जाओ। मुझे अपने साहसी छोटे भाई पर यकीन है। वह एक-दो दिन में जल्द ही फिट और ठीक हो जाएगा।"
धर्मेंद्र ने जया बच्चन के लिए भी ट्वीट करते हुए लिखा था, "जया, चिंता मत करो। सब कुछ ठीक हो जाएगा मेरे बहादुर बच्चे। अपना और घर पर सभी का ध्यान रखें। आप सभी को प्यार। ध्यान रखना।''












Click it and Unblock the Notifications