पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी रात में बेहोश, अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ पत्रकार अरुण शौरी की रविवार रात तबीयत अचानक से बिगड़ गई है। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार अरुण शौरी रात में बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया था। रूबी हॉल क्लिनिक के मेडिकल डायरेक्टर ने बताया कि अरुण शौरी की हालत अब स्थिर है और उनपर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि शौरी के तमाम जरूरी टेस्ट करवाए गए हैं और वह होश में हैं।
बता दें कि अरुण शौरी का जन्म 2 नवंबर 1941 को हुआ था। वाजपेयी सरकार में अरुण शौरी ने विनिवेश, संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का जिम्मा संभाला था। उनकी अगुवाई में मारूटी, वीएसएनएल, हिंदुस्तान जिंक जैसी कंपनियों की बिक्री हुई थी। शौरी उन तमाम नेताओं में शामिल थे जिन्होंने मुस्लिम वीमेन एक्ट 1986 का विरोध किया था, जिसे तत्कालीन राजीव गांधी की सरकार लेकर आई थी। राजनीति के अलावा अरुण शौरी जाने माने पत्रकार भी हैं। आपातकाल के दौर में अरुण शौरी ने इंडियन एक्सप्रेस के लिए लिखना शुरू किया था, वह इंडियन एक्सप्रेस के संपादक भी रह चुके हैं। इसके अलावा शौरी ने कई किताबें भी लिखी हैं।
अरुण शौरी को 1990 में साहित्य व शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। यही नहीं उन्हें रेमन मैग्सेसे, दादाभाई नौरोजी, फ्रीडम टू पब्लिक अवार्ड जैसे सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। अरुण शौरी ने दिल्ली के प्रतिष्ठित स्टीफेंस कॉलेज से अपनी शिक्षा प्राप्त की है और इसके बाद उच्छ शिक्षा के लिए वह अमेरिका चले गए थे। जहां पर उन्होंने सिरक्यूज विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की डिग्री ली थी।