पंजाब के पूर्व भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा का दिल का दौरा पड़ने से निधन
नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व बीजेपी के अध्यक्ष कमल शर्मा का निधन हो गया है। उनका निधन आज सुबह फिरोजपुर जिले में दिल का दौरा पड़ने से हुआ। शर्मा के करीबी सहयोगी ने बताया कि शर्मा (48) सुबह सैर करने गए थे उसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने बताया कि उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शर्मा के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। निधन से दो घंटे पहले ही शर्मा ने ट्विटर पर लोगों को दीवाली की बधाई दी थी।
कमल शर्मा के देहांत से बीजेपी में शोक की लहर है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उनके देहांत पर शोक जताया है। नड्डा ने ट्वीट कर लिखा है, 'मेरे मित्र, भाजपा (पंजाब) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता श्री कमल शर्मा जी के आकस्मिक निधन से मैं शोक स्तब्ध हूं। उनका निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।'
बता दें कि कमल शर्मा को मार्च 2017 में भी हार्ट अटैक पड़ा था। तब डीएमसी हीरो हार्ट इंस्टीट्यूट के डॉक्टरों ने उनके दिल की आरटरीज में एक स्टेंट डाला था। तब उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए थे। उस समय कमल शर्मा की एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी भी की गई थी।