'लगातार दो साल फेल हुआ, तीसरी बार में खूब नकल किया', पूर्व BJP सांसद बृजभूषण ने सुनाई 8वीं क्लास की कहानी
पूर्व BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान वह नकल को लेकर अपनी 8वीं क्लास की कहानी बच्चों के साथ शेयर करते हैं। उन्होंने बताया कि मैं आठ में लगातार दो साल फेल हुआ, सिर्फ खेलकूद वाले सब्जेक्ट में ही पास हुआ।
बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार को गोंडा के बालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों के प्रतिभा सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद थे। मंच पर बोलते हुए उन्होंने छात्रों को अपने बचपन की कहानी सुनाई।

'तीन बार फेल हुआ, फिर नकल से पास हुआ' - बृजभूषण का कबूलनामा
पूर्व सांसद ने बेझिझक कहा कि, 'मैं कक्षा आठ में तीन बार फेल हुआ। तीसरी बार डर था कि कहीं फिर से न फेल हो जाऊं, इसलिए बगल में बैठे लड़के को धमकाया और उससे अपनी कॉपी लिखवाई। नकल करके पास हो गया।' उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि, 'अपने आप से बात करना सीखो, समस्या की जड़ को समझो और समाधान निकालो।'
'नाश्ते से पहले 10-5 को पीटना था जरूरी'
बृजभूषण ने अपने शरारती बचपन की बात करते हुए हंसी-मजाक में कहा कि, 'बचपन से ही मैं बहुत तेज था। खेलकूद में हमेशा आगे रहता था। जब तक 10-5 को पीट न दूं, तब तक नाश्ता नहीं करता था।' उन्होंने कहा कि 8वीं में दो साल लगातार फेल हुआ और जब पास हुआ तो नकल से।
'अंग्रेजी का पेपर आया तो हाथ-पैर फूल गए'
बृजभूषण ने आगे कहा कि, 'सभी विषयों में तो जैसे-तैसे नकल हो गई, लेकिन जब अंग्रेजी का पेपर आया तो हाथ-पैर फूल गए। 'अंग्रेजी माई' से कभी सामना ही नहीं हुआ था।' उन्होंने बताया, 'बगल में एक तिवारी लड़का बैठा था, उससे कहा कि पहले मेरा पेपर लिख दो। उसने कहा - हम अपना लिखें या तुम्हारा? तो मैंने कहा- अगर नहीं लिखा तो बाहर निकलते ही हाथ-पैर तोड़ दूंगा। डर के मारे उसने मेरी कॉपी लिख दी और मैं पास हो गया।'












Click it and Unblock the Notifications