विदेश मंत्रालय को नहीं पता, पिछले पांच साल में कितने पासपोर्ट जारी हुए
Recommended Video
नई दिल्ली। पासपोर्ट को बनवाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता है, इसके लिए तमाम प्रक्रियाओं का पालन करना पड़ता है। कई जांच और पड़ताल के बाद नागरिकों को पासपोर्ट जारी किया जाता है, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि भारत में कितने लोगों के पास पासपोर्ट है इस बारे में विदेश मंत्रालय को जानकारी नहीं है। सूचना के अधिकार के तहत जब विदेश मंत्रालय से इस बारे में जानकारी मांगी गई तो विदेश मंत्रालय ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कितने लोगों को पासपोर्ट जारी हुआ है इस बारे में उसे नहीं पता है।
जिस तरह से एक व्यक्ति ने विदेश मंत्रालय में इस बाबत आरटीआई दाखिल की थी उसके बाद मंत्रालय के जवाब ने चौंका दिया है। यह आरटीआई एक्टिविस्ट शैलेष गांधी ने दाखिल की थी, जिसके जवाब में विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि पिछले पांच वर्षों में कितने पासपोर्ट जारी किए गए हैं। आरटीआई के द्वारा इस बात की जानकारी मांगी गई थी कि पिछले पांच वर्ष में जारी किए गए सभी पासपोर्ट से आने वाली राशि और प्राइवेट ठेकेदारों को कितना पैसा दिया गया है, इस बारे में अवगत कराएं।
इस आरटीआई के जवाब में विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश मंत्रालय उपरोक्त जानकारी को नहीं रखता है, लिहाजा इस बारे में जानकारी नही दी जा सकती है। जिसके बाद आश्चर्यचकित गांधी ने कहा कि यह जवाब हैरान करने वाला है। देश में बनने वाले हर पासपोर्ट की जानकारी विदेश मंत्रालय को भेजी जाती है, बावजूद इसके इस तरह का जवाब समझ से परे हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही विदेश मंत्रालय के अपीलीय अधिकारी के पास इसकी शिकायत करेंगे।