Food Jihad Controversy: फूड जिहाद विवाद पर बोले नारा लोकेश बोले- 'तेलुगु समाज में सांप्रदायिकता की जगह नहीं'
Food Jihad Controversy: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध मेदाराम जातरा मेले में 'फूड जिहाद' विवाद पर सियासी घमासान मच गया है। एक दक्षणपंथी यूट्यूब चैनल ने कुछ मुस्लिम फूड वेंडर्स को निशाना बनाया था। इसके बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। एनडीए की सहयोगी पार्टियों ने भी इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए इसकी आलोचना की है। टीडीपी (TDP) और जनसेना पार्टी (JSP) ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि तेलुगु समाज में सांप्रदायिकता स्वीकार नहीं की जा सकती है।
मामला तब शुरू हुआ जब एक यूट्यूब चैनल ने मेले में आंध्र प्रदेश के कुरनूल से आए मुस्लिम विक्रेताओं के 'कोया बन' बेचने को 'फूड जिहाद' बताया। वीडियो में एंकर ने विक्रेताओं से प्रोडक्ट के बारे में बेहद तीखे और आक्रामक अंदाज में सवाल किए थे। यहां तक कि एक विक्रेता, शेख शाह वली को कैमरे पर बन खाकर यह साबित करने के लिए मजबूर किया गया कि उसमें कोई मिलावट नहीं है।

Food Jihad Controversy: वायरल वीडियो पर दो धड़े में बंटा सोशल मीडिया
- वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश बताया। कुछ लोग यूट्यूबर्स के समर्थन में भी उतर गए।
- घटना के बाद दोनों विक्रेता वली और जावेद अपने घर लौट गए। गांव में लोगों ने उनका समर्थन किया और आर्थिक मदद की पेशकश भी की। इस पूरे विवाद पर सियासी बवाल शुरू हो गया है।
Nara Lokesh ने दिया जवाब, 'सांप्रदायिकता की जगह नहीं '
आंध्र प्रदेश के शिक्षा और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने वली के समर्थन में बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि तेलुगु समाज में विभाजनकारी और सांप्रदायिक व्यवहार की कोई जगह नहीं है। उन्होंने वली से मिलने और उनके 'कोया बन' चखने की बात भी कही है। जेएसपी के नेता नागा बाबू ने भी वली से मुलाकात कर 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी है। उन्होंने अपील की कि इस घटना को धार्मिक नजरिए से न देखा जाए। उन्होंने कहा कि अगर खाद्य सुरक्षा को लेकर कोई चिंता है, तो संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जाए।
इस बीच, सांसद और एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विवाद ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर फैल रही सांप्रदायिक कथाओं और छोटे व्यापारियों की सुरक्षा के सवाल को केंद्र में ला दिया है।












Click it and Unblock the Notifications