चारा घोटाला: लालू की जमानत के खिलाफ CBI की अर्जी पर सुनवाई करेगा SC, नीतीश बोले- तंग किया जा रहा
चारा घोटाला मामले में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनकी जमानत के खिलाफ सीबीआई सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। कोर्ट ने शुक्रवार को इस याचिका पर सुनवाई के लिए हामी भर दी। हालांकि इसको लेकर बिहार के सीएम और आरजेडी के सहयोगी नीतीश कुमार ने केंद्र पर निशाना साधा है।
सीबीआई ने अपनी याचिका में कहा कि लालू यादव को सजा हुई थी, लेकिन उन्होंने आदेश के मुताबिक जेल में वक्त नहीं बताया। उनको झारखंड हाईकोर्ट ने जमानत दे दी, जो गलत है। ऐसे में वो सर्वोच्च अदालत आएं हैं, ताकि उनकी जमानत को रद्द किया जा सके। इस पर कोर्ट ने अक्टूबर में सुनवाई रखी।

लालू के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में क्या कहा?
लालू यादव के वकीलों ने कोर्ट से कहा कि सीबीआई असंतुष्ट है, सिर्फ इस आधार पर जमानत रद्द नहीं की जा सकती। सर्वोच्च अदालत को चाहिए कि वो हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखे। उनका स्वास्थ्य खराब है और उनकी उम्र भी काफी ज्यादा हो गई है, ऐसे में जमानत रद्द होने से सीबीआई का कोई उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
वहीं इस मामले को लेकर बिहार सीएम नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें (लालू यादव) बेवजह परेशान किया जा रहा है। केंद्र में बैठे लोग सभी को परेशान कर रहे हैं। उनको कोर्ट पर भरोसा है।
तेजस्वी ने क्या कहा?
सीबीआई के इस कदम पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आ रहे, ये सब होता रहेगा। कुछ लोग डराने की कोशिश कर रहे, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हमको कोर्ट पर पूरा विश्वास है।
तीन साल तक जेल में रहे
आपको बता दें कि लालू यादव को चारा घोटाला मामले में 5 साल की सजा हुई थी। साथ ही उन पर 60 लाख का जुर्माना लगाया गया था। उन्होंने करीब तीन साल का वक्त रांची जेल में बिताया। वहीं 30 अप्रैल 2022 को झारखंड हाईकोर्ट ने उनको जमानत दे दी थी। तब से वो जेल से बाहर हैं।












Click it and Unblock the Notifications