बिहार: अंतिम संस्कार में गए लोगों पर गिरी आकाशीय बिजली, 5 की मौत 12 घायल
पटना। बिहार के औरंगाबाद जिले में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने आए लोग आकाशीय बिजली के शिकार हो गए। श्मशान घाट पर बिजली गिरने से पांच लोगों की झुलस कर मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना ओबरा थाना क्षेत्र में पुनपुन नदी के किनारे पर घटित हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक, कारा पंचायत की प्राइमरी एग्रीकल्चर कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन रमेश दुबे का औरंगाबाद में अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान में बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और करीब 12 लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृत लोगों को पोर्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रशासन ने इस घटना में गए लोगों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।