लड़कों का बीच सड़क खतरनाक स्टंट करने का Video वायरल, दिल्ली पुलिस ने पांच को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पांच लड़के बीच सड़क पर हुड़दंग मचाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ये लड़के बीच सड़क पर दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालते हुए खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया है और कुछ तो ऐसे हैं जिन्होंने मास्क तक नहीं पहना। आसपास से गुजर रहे लोगों ने ये वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो थोड़ी ही देर में वायरल हो गया।

लक्ष्मी नगर का है वीडियो
वीडियो दिल्ली के विकास मार्ग का है। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में पड़ने वाले इस इलाके पर ये नजारा सुबह के करीब 8 बजे का है। फिलहाल पुलिस ने रविवार को इन सभी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इनके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और रैश ड्राइविंग करने का मामला भी दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो के वायरल होने के बाद इन सभी की पहचान की। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वीडियो के आधार पर सबसे पहले बजाज पलसर बाइक की पहचान हुई।

कार में भी कर रहे थे स्टंट
प्राथमिक जांच में पता चला कुछ अन्य युवक भी बाइक और कार में इस तरह के स्टंट कर रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया, 'हमने 25 साल के सोनू कश्यप को गिरफ्तार किया है। उसके साथ ही उसका दोस्त कमल भी गिरफ्तार हुआ है, जो सूरजमल विहार का रहने वाला है और एक चार्टर्ड एकाउंटेंट के ऑफिस में काम करता है।' इन दोनों के साथ ही अन्य तीन युवकों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

तीन अन्य दोस्त भी गिरफ्तार हुए
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया, 'इन दोनों युवकों से जानकारी लेने के बाद हमने इनके तीन दोस्तों को भी गिरफ्तार किया है। जिनमें ओपन स्कूल से 12वीं करने वाला 20 वर्षीय पवन, एक एनिमेशन का छात्र 20 वर्षीय सचिन और एक सेल्समैन विपुल शर्मा शामिल हैं।'












Click it and Unblock the Notifications