बॉलीवुड के 'फाइनेंसर भाई' यूसुफ लकड़वाला की मौत, मनी लॉन्ड्रिंग केस के चलते थे जेल में बंद
मुंबई, 9 सितंबर: कई बड़े मामलों में आरोपी रहे यूसुफ लकड़वाला का गुरुवार को निधन हो गया। इस साल मई में ही एक जमीन धोखाधड़ी के मामले में ईडी ने उनको गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से वो ऑर्थर रोड जेल में बंद थे। इस मामले में एडीआर (एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट) दर्ज की गई है, लेकिन मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया। डॉक्टरों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस घटना की तस्वीर साफ हो पाएगी।

जानकारी के मुताबिक हैदराबाद के निजाम की जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचने और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने उनको गिरफ्तार किया था। इसके बाद यूसुफ को मुंबई की ऑर्थर रोड जेल शिफ्ट कर दिया गया। गुरुवार को उनका निधन हो गया। मुंबई के जेजे हॉस्पिटल के मुताबिक दोपहर 12 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया है।
ये था जमीन का पूरा मामला
यूसुफ लकड़वाला को बॉलीवुड का 'फाइनेंसर भाई' भी कहा जाता है। ईडी के मुताबिक उन्होंने हैदराबाद के नवाब रहे हिमायत नवाज जंग बहादुर से जुड़ी खंडाला स्थित जमीन में गड़बड़ी की थी। इसकी कीमत 50 करोड़ रुपये के आसपास है। साथ ही उन्होंने सरकारी अधिकारियों, रियल एस्टेट एजेंट्स और अन्य लोगों को 11.5 करोड़ रुपये की घूस भी दी। इसी के चलते प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट में उनकी गिरफ्तारी हुई। इससे पहले 2019 में मावल तालुका के तत्कालीन सब-रजिस्ट्रार जितेंद्र बड़गुजर ने उस वक्त लकड़वाला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अप्रैल 2019 में वो देश छोड़कर भागने की फिराक में थे, लेकिन हैदराबाद एयरपोर्ट से उनकी गिरफ्तारी हुई।












Click it and Unblock the Notifications