कम नंबर आने पर दलित लड़की को मुंह काला कर घुमाया, टीचर के खिलाफ मामला दर्ज
हिसार। हरियाणा के हिसार में एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली महिला शिक्षक ने कथित तौर पर नौ साल की दलित लड़की का मुंह काला किया है। इन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि दलित लड़की के अंग्रेजी में कम नंबर आए थे। पीड़ित लड़की को मुंह काला कर स्कूल परिसर में घुमाया गया है। घटना शुक्रवार की है।
Recommended Video

दूसरी कक्षाओं में घुमाया
लड़की के पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षिका ने उनकी चौथी कक्षा में पढ़ने वाली बेटी के मुंह को काले स्कैच पैन से काला किया और फिर उसे दूसरी कक्षाओं में घुमाया। इतना ही नहीं शिक्षिका ने अन्य बच्चों से 'शेम शेम' कर चिल्लाने को कहा। उन्होंने आगे कहा, 'मेरी बेटी ने शनिवार को स्कूल जाने से मना कर दिया। जब मैंने कारण पूछा तो वो रोने लगी। बाद में मेरी छोटी बेटी ने पूरी घटना के बारे में बताया।'

परिवार ने एफआईआर दर्ज करवाई
लड़की के परिवार ने शिक्षिका और स्कूल के खिलाफ रविवार शाम को एफआईआर दर्ज करवाई है। स्कूल प्रशासन, शिक्षिका और प्रिंसिपल ने घटना पर कुछ भी नहीं कहा है। पुलिस का कहना है कि उन्होंने शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सब्जी मंडी स्टेशन हाउस अफसर (एसएचओ) जगजीत सिंह ने कहा, 'प्राथमिक जांच के आधार पर हमने शिक्षिका के खिलाफ धारा 75 और धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब हम सोमवार को स्कूल गए तो हमने दरवाजे बंद पाए।'

परिवार ने कार्रवाई की मांग की
इस घटना का स्थानीय तौर पर विरोध हो रहा है। लड़की के पिता का कहना है, 'पूरे स्कूल में सीसीटीवी से निगरानी की जाती है, हमने पुलिस से कहा है कि सबूत के लिए इनकी जांच की जाए और सख्त कार्रवाई की जाए।' कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की और स्कूल पाठ्यक्रम में अधिक जागरूकता लाने का आह्वान किया है।

'जातिवादी मानसिकता रखते हैं'
ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा के अध्यक्ष अशोक भारती ने कहा, 'दुर्भाग्य से, कई स्कूल अभी भी उन लोगों द्वारा संचालित हैं जो एक जातिवादी मानसिकता रखते हैं, जो कमजोर वर्गों को इंसान से कम समझते हैं।'


Click it and Unblock the Notifications
