फ्लाइट में महिला डॉक्टर के बगल बैठे प्रोफेसर ने की छेड़छाड़, लैंडिंग के बाद हुआ गिरफ्तार
हवाई यात्रा भी अब महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रह गई है। हाल ही में इंडिगो की फ्लाइट में एक लड़की के साथ छेड़छाड़ हुई। इस मामले में एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया। हालांकि विमान कंपनी इस मामले में जवाब देने से बच रही है।
पुलिस ने भी घटना की पुष्टि की है। साथ ही बताया कि आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान रोहित श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो पटना का रहने वाला है। हालांकि बाद में उसको कोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही।

जानकारी के मुताबिक 24 वर्षीय डॉक्टर दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट में यात्रा कर रही थीं। उनके बगल 47 साल के प्रोफेसर बैठे थे। डॉक्टर का आरोप है कि उनको गलत तरीके से छुआ गया। ये घटना फ्लाइट के उतरने से ठीक पहले हुई।
अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद महिला ने विरोध किया, ऐसे में उनके बीच बहस होने लगी। इस पर चालक दल को हस्तक्षेप करना पड़ा। वहीं जब विमान लैंड हुआ तो अधिकारी दोनों को पुलिस स्टेशन लेकर गए। वहां पर महिला डॉक्टर की शिकायत पर एफआईआर हुई।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) और 354ए (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर के तुरंत बाद श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि बाद में जमानत मिलने की वजह से उनको रिहा करना पड़ा।
वहीं मीडिया ने इस संबंध में जब इंडिगो से संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
अभी कुछ महीने पहले इंडिगो के विमान में महिला क्रू मेंबर से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। उस वक्त एक स्वीडिस नागरिक ने एयर होस्टेस का हाथ पकड़ लिया था। साथ ही उसके साथ छेड़छाड़ की। हालांकि विमान जब मुंबई में लैंड हुआ, तो उसको गिरफ्तार कर लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications