'सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हुए हमलों की चल रही आक्रमक जांच', FBI के निदेशक ने NIA को बताया
FBI: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने मंगलवार को अमेरिकी जांच एजेंसी के निदेशक क्रिस्टोफर रे के साथ दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान फेडरल जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक ने कहा कि इस साल 19 मार्च और 2 जुलाई को सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हुए हमलों की आक्रामक जांच कर रही है।
एफबीआई के निदेशक क्रिस्टोफर रे ने एक उच्च स्तरीय एफबीआई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए मंगलवार को एनआईए मुख्यालय का दौरा किया। एनआईए महानिदेशक दिनकर गुप्ता और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की। इस दौरान दिनकर गुप्ता ने क्रिस्टोफर रे के नेतृत्व एनआईए मुख्यालय का दौरा करने वाले प्रतिनिधिमंडल को बताया कि आतंकवादियों और गैंगस्टरों का गठजोड़ अमेरिका में भी फैल रहा है।

बैठक के दौरान हुई स्पष्ट और व्यापक चर्चा
एनआईए के प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा कि बैठक के दौरान स्पष्ट और व्यापक चर्चा हुई। आतंकवादी संगठित आपराधिक नेटवर्क के कृत्यों और गतिविधियों, सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमले में अमेरिका में चल रही जांच, साइबर-आतंकवाद और विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जांच सहित कई मुद्दों पर बैठक हुई।
भारतीय वाणिज्य दूतावास पर खालिस्तानी समर्थकों ने किया था हमला
बता दें कि भारतीय वाणिज्य दूतावास पर 2 जुलाई को खालिस्तान समर्थकों द्वारा हमला किया गया था, जिन्होंने कनाडा में अलगाववादी खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद राजनयिक सुविधा को आग लगाने की कोशिश की थी। इससे पहले 19 मार्च को खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला किया था और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था।
प्रदर्शनकारियों ने की थी जमकर नारेबाजी
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की थी। स्थानीय पुलिस द्वारा लगाए गए अस्थायी सुरक्षा अवरोधों को भी तोड़ दिया था। वाणिज्य दूतावास परिसर के अंदर दो तथाकथित खालिस्तानी झंडे लगा दिए थे। वाणिज्य दूतावास के दो कर्मियों ने जल्द ही इन झंडों को हटा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications