भारतीय पायलट की रिहाई को लेकर पाकिस्तान के पूर्व पीएम की पोती फातिमा भुट्टो ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहे पाकिस्तानी वायु सेना के F-16 लड़ाकू विमान को भारतीय वायुसेना के मिग-21 बिसोन ने मार गिराया था लेकिन इस जवाबी कार्रवाई में मिग क्रैश हो गया और मिग का पायलट पड़ोसी देश की सीमा के अंदर जा पहुंचा था। अब विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को वापस लाने की भारत की तरफ से कोशिशें तेज हो गई हैं। इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो की पोती और लेखिका फातिमा भुट्टो ने इमरान खान की सरकार से अपील की है।

भारतीय वायुसेना के पायलट को रिहा किया जाए- फातिमा
फातिमा भुट्टो ने पाकिस्तान की इमरान खान सरकार से मांग की है कि भारतीय वायुसेना के उस पायलट को रिहा किया जाए जिसे पाकिस्तान ने पकड़ने का दावा किया है। फातिमा ने न्यूयॉर्क टाइम्स में लेख लिखा, 'मैंने और कई अन्य युवा पाकिस्तानियों ने अपने देश से अपील की है कि वे पकड़े गए भारतीय पायलट को शांति, मानवता और प्रतिष्ठा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के तौर पर रिहा करें। हमने जीवन भर युद्ध देखा है। मैं पाकिस्तानी सैनिकों को मरते हुए नहीं देखना चाहती। मैं भारतीय सैनिकों को मरते हुए नहीं देखना चाहती।'
'अपने देश को कभी भी अपने पड़ोसी के साथ शांति से रहते नहीं देखा'
फातिमा भुट्टो ने कहा, 'मैंने अपने देश को कभी भी अपने पड़ोसी के साथ शांति से रहते नहीं देखा। लेकिन इससे पहले मैंने कभी दो परमाणु हथियारों से लैस देशों के बीच ट्विटर अकाउंट के जरिए युद्ध नहीं देखा था। बुधवार को पाकिस्तान की हिरासत में भारतीय वायुसेना के पायलट के फोटो आने पर भारत ने कड़ा एतराज जताया था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से इसको लेकर कड़ा विरोध जताया है कि कैसे एक जख्मी आर्मी अफसर के फोटो शेयर किए गए। भारत ने इसे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकारों और जिनेवा कन्वेंशन का उल्लंघन बताया।

विंग कमांडर अभिनंदन को वापस लाने की कोशिशें तेज
इसके पहले, बुधवार को पाकिस्तान के रूख को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल, थल और वायु सेना के प्रमुखों से लंबी बातचीत की और पीएम ने उन्हें फैसले लेने की पूरी आजादी दी। वहीं, आज सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि एनएसए अजीत डोभाल और अमेरिकी विदेश मंत्री के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई थी। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तानी धरती पर जैश के आतंकी शिविर के खिलाफ कार्रवाई करने के भारत के फैसले का समर्थन किया है।

अभिनंदन की रिहाई की कोशिशें तेज
बुधवार को भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे F-16 को मिग-21 बिसोन ने F-16 को मार गिराया जो सीमा पार जा गिरा था। हालांकि इस जवाबी कार्रवाई में मिग क्रैश हो गया था और उसका पायलट लापता हो गया था। बाद में पाकिस्तान की तरफ से दावा किया गया कि एक भारतीय पायलट उनकी हिरासत में है। खबर के मुताबिक, भारत सरकार ने पाकिस्तान से कहा है कि वह भारतीय वायुसेना के पायलट को फौरन और सुरक्षित लौटाए। भारत ने साफ तौर पर कहा है कि अभिनंदन की रिहाई के बदले कोई समझौता नहीं होगा, अगर पाक इसके बदले कोई डील करने की कोशिश कर रहा है तो वह उसकी गलती है।












Click it and Unblock the Notifications