माछिल में शहीद के पिता ने कहा पाक से लिया जाए बेटे की शहादत बदला
माछिल में पाकिस्तान के हाथों शहीद हुए राइफलमैन प्रभु सिंह के पिता ने कहा पाकिस्तान से लिया जाए बदला। मंगलवार को आतंकियों के खिलाफ एनकाउंटर में शहीद हो गए थे प्रभु सिंह।
नई दिल्ली। माछिल में मंगलवार को आतंकियों के साथ मुठभेड़ में इंडियन आर्मी ने अपने तीन जवानों को खो दिया। इन्हीं तीन शहीदों में से एक थे राइफलमैन प्रभु सिंह और अब उनके पिता ने सरकार से कहा है कि वह पाकिस्तान से बदला ले।

मौत का बदला ले सरकार
प्रभु सिंह के पिता ने न्यूज एजेंसी एनएनआई से बातचीत में कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि उनके बेटे ने देश के लिए अपनी जान गंवा दी लेकिन इस बात का दुख है कि प्रभु उनके इकलौते बेटे थे।
उन्होंने अपने दर्द को बयां करते हुए कहा कि अब भारत को पाकिस्तान को कड़ा जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि अब पाक से उनके बेटे की मौत का बदला लिया जाए।
पाक को मुंहतोड़ जवाब देने का वादा
जो तीन जवान माछिल में शहीद हुए हैं उनमें से एक जवान के शव को क्षत-विक्षत कर दिया गया था। इंडियन आर्मी की ओर से ट्वीट किया गया कि पाक को इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
भारत ने भी पाकिस्तान से इस घटना के लिए विरोध जताया है। पाक राजधानी इस्लामाबाद स्थित हाई कमीशन में तैनात डिप्टी हाई कमिश्नर जेपी सिंह ने इस घटना का विरोध जताया है। उन्होंने पाक के कृत्य भड़काऊ करार दिया है।
अब तक 14 शहीद
एक माह के अंदर जवान के शव को क्षत-विक्षत करने का यह दूसरा मामला था। इससे पहले अक्टूबर में 30 वर्षीय सिपाही मनदीप सिंह के शव के साथ भी पाक ने इसी तरह का काम किया था।
29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही पाकिस्तान की ओर 280 बार युद्धविराम तोड़ा जा चुका है। पाक की ओर से हो रही फायरिंग में अब तक 14 सुरक्षा जवान शहीद हो चुके हैं तो वहीं 12 नागरिकों की जान गई है।












Click it and Unblock the Notifications