Farmers Protest: चक्का जाम से पहले किसान संगठनों की मांग, इंटरनेट सेवा से तुरंत बैन हटाए मोदी सरकार
6 फरवरी को पूरे देश में किसान नेताओं ने चक्का जाम का ऐलान किया है। चक्का जाम दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक होगा। इससे पहले किसान संगठनों ने मोदी सरकार से इंटरनेट से बैन हटाने की मांग की है।
Farmers Protest: दिल्ली की सीमाओं में हजारों की संख्या में किसान आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं। कृषि कानूनों के विरोध में जारी किसानों के आंदोलन को 72 दिन हो गए हैं। 6 फरवरी को पूरे देश में किसान नेताओं ने चक्का जाम का ऐलान किया है। आंदोलन का समर्थन कर रहे किसान हाईवे को जाम करेंगे। चक्का जाम दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक होगा। वहीं दूसरी ओर सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर अब भी इंटरनेट बंद है। किसानों ने मोदी सरकार से इंटरनेट सेवाओं को शुरू करने की मांग की है।
Recommended Video
रिहाना और ग्रेटा थुनबर्ग जैसी मशहूर हस्तियों के बाद किसान आंदोलन को इंटरनेशनल अभियान के तौर पर समर्थन मिल गया है। किसान संगठनों ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के बाहर प्रदर्शन स्थलों पर बाधित इंटरनेट सेवाओं को तत्काल बहाल करने की अपील की है। किसान संगठनों का कहना है कि हमारी आवाज को दबाने की सरकार कोशिश कर रही है।
दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं
कल होने वाले चक्का जाम से पहले किसान नेता राकेश टिकैत ने बताया कि दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं किया जाएगा। यूपी और उत्तराखंड में किसान प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं जो लोग किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं, वो वहीं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसान कृषि कानून वापस लेने, एमएसपी पर कानून बनाने सहित धरना स्थल पर इंटरनेट बैन के खिलाफ चक्का जाम कर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे।
Kisan andolan news:Twitter को सरकार की सख्त चेतावनी, विवादित हैंडल बंद नहीं हुए तो कार्रवाई होगी
बॉर्डर पर 10 लेयर की बैरिकेडिंग
वहीं 26 जनवरी की घटना के बाद से दिल्ली की सीमाओं पर पुलिस और सुरक्षाबल पूरी तरह से मुस्तैद हैं। सिंघु बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाई हुई है। सड़कों पर कंटीले तार लगा रखे हैं। वहीं पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए बॉर्डर पर 10 लेयर की बैरिकेडिंग कर रखी है। इतना ही नहीं सड़कों पर डिवाइडर रखकर रास्ता भी बंद कर दिया है। वहीं प्रदर्शन कवर करने के लिए मीडिया को भी रोक दिया है। सिंघु, गाजीपुर और टिकरी बॉर्डर के आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह से बंद कर दिया है। वहीं बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबल के जवानों को बॉर्डर पर तैनात किया है।