'रात 8:30 बजे घर से निकली,ऑटो का कर रही थी इंतजार',फरीदाबाद रेप ने दिलाई निर्भया की याद, अबतक क्या-क्या हुआ?
Faridabad Rape Case: फरीदाबाद में 25 वर्षीय महिला के साथ हुए गैंगरेप मामले में जैसे-जैसे परतें खुल रही हैं, कहानी और ज्यादा डरावनी होती जा रही है। पीड़िता की बहन ने बताया कि उस रात (29 दिसंबर 2025) करीब 8.30 बजे उनकी आखिरी बार बात हुई थी। महिला बेहद परेशान थी। घर में मां से चल रहे झगड़े ने उसे अंदर से तोड़ दिया था। उसने कहा कि वह एक दोस्त से मिलने जा रही है और ऑटो का इंतजार कर रही है। इसके बाद फोन कट गया और फिर कई घंटे तक कोई खबर नहीं मिली। यह मामला फरीदाबाद के कल्याणपुरी इलाके का है
रात 3.30 बजे आई खामोशी भरी कॉल
करीब सात घंटे बाद, रात 3.30 बजे फोन फिर बजा। इस बार आवाज नहीं थी। बस सन्नाटा था... बहन ने कॉल काटकर दोबारा फोन किया, तब दूसरी तरफ से सिसकियों की आवाज आई। बहन ने करीब आधे घंटे तक उससे बात करने की कोशिश की, उसे संभालती रही। इसके बाद एक दोस्त को फोन किया और परिवार उसे तलाशने निकल पड़ा।

बहन ने बताया कि दोस्त के घर से निकलने में उसे देर हो गई। रात करीब 12 बजे वह दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तीन नंबर चौक जाने के लिए वाहन तलाश रही थी। इसी दौरान एक वैन में सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट देने की पेशकश की, जिसके लिए वो राजी हो गई।
🟡 निर्भया की याद दिलाने वाला मामला
यह वारदात 13 साल पहले दिल्ली में हुए निर्भया कांड की भयावह यादें ताजा कर रही है। ठंडी दिसंबर की रात, चलती गाड़ी में गैंगरेप और फिर सड़क पर फेंक देना। एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि महिलाओं की सुरक्षा के दावे जमीनी हकीकत से कितने दूर हैं।
पीड़िता तीन बच्चों की मां है और पति से विवाद के बाद माता-पिता के साथ रह रही थी। परिवार का कहना है कि उन्हें सिर्फ और सिर्फ इंसाफ चाहिए। बहन ने कहा कि अगर उस रात समय पर मदद मिल जाती, तो शायद इतना बड़ा हादसा टल सकता था।
🟡 गलत रास्ते पर ले जाकर घंटों वैन में रखा
पीड़िता की बहन का आरोप है कि युवक उसे कल्याणपुरी की ओर ले जाने के बजाय गुरुग्राम रोड की तरफ ले गए। हनुमान मंदिर से आगे तक वैन ले जाकर करीब तीन घंटे तक उसे अंदर ही घुमाते रहे। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसने विरोध किया, लेकिन गाड़ी चलती रही और बाहर उसकी आवाज नहीं पहुंच सकी। रास्ता सुनसान होने की वजह से कोई मदद नहीं मिल पाई।
🟡 चलती वैन से सड़क पर फेंक कर फरार
बहन के अनुसार मंगलवार (30 दिसंबर) सुबह करीब 3 बजे आरोपी SGM नगर के राजा चौक स्थित मुल्ला होटल के पास उसे चलती वैन से सड़क पर फेंक कर भाग गए। गिरने से उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने लगा। चेहरे पर करीब 10 से 12 टांके आए हैं। सुबह करीब 3.30 बजे उसने घबराहट में बहन को बार-बार फोन किया। कॉल वापस करने पर उसने रोते हुए पूरी वारदात बताई।
पीड़िता की बहन ने बताया कि वह मौके पर पहुंची तो वहां देखा कि छोटी बहन खून से सनी हुई थी। हालात दिल दहला देने वाले थे। उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी था, सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे। कपड़े फटे थे और वह बुरी तरह सदमे में थी। उसे संभालना मुश्किल हो रहा था और वह लगातार रो रही थी। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया। बहन के मुताबिक, वह लगातार बेहोश थी और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
🟡 चलती गाड़ी में दो घंटे तक दरिंदगी
पुलिस जांच और परिवार के बयान के मुताबिक महिला को आधी रात के बाद दो लोगों ने एसयूवी में लिफ्ट दी। महिला दिल्ली के कल्याणपुरी की रहने वाली है। आरोप है कि गाड़ी उसे घर छोड़ने के बजाय फरीदाबाद की ओर ले जाई गई। फरीदाबाद गुरुग्राम रोड पर करीब दो से तीन घंटे तक गाड़ी घुमाई गई। इस दौरान चलती गाड़ी में बारी-बारी से उसके साथ रेप किया गया।
🟡 मदद की गुहार पर मिली मौत की धमकी
परिवार का आरोप है कि जब महिला ने मदद के लिए चीखना शुरू किया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी गाड़ी चलाता रहा, जबकि दूसरा दरिंदगी करता रहा। यह पूरी वारदात कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिनकी मदद से पुलिस ने रूट ट्रेस किया।
🟡 तेज रफ्तार गाड़ी से फेंक दिया बाहर
करीब सुबह 3 बजे, फरीदाबाद के एसजीएम नगर इलाके में राजा चौक के पास आरोपियों ने महिला को सड़क पर फेंक दिया। उस वक्त गाड़ी की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा बताई जा रही है। सड़क सुनसान थी और महिला गंभीर हालत में वहीं पड़ी रही।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि दूसरा मध्य प्रदेश से बताया जा रहा है। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति ईको वैन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज अहम सबूत हैं।
🟡 पीड़िता की हालत अब कैसी है?
महिला का इलाज कर रहे निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत अब स्थिर है। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण उसे 12 से ज्यादा टांके लगे हैं। पुलिस ने अस्पताल में ही पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है।
पीड़िता की बहन के मुताबिक पीड़िता शादीशुदा है, लेकिन पति से अलग होकर मां के साथ रहती है। उसके तीन बच्चे हैं और वह एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। उसने खुद बताया है कि लिफ्ट देने वाले युवकों ने ही उसके साथ दुष्कर्म किया। शारीरिक हालत संभल रही है, लेकिन मानसिक रूप से वह गहरे सदमे में है।












Click it and Unblock the Notifications