#DeleteFacebook: हमेशा के लिए ऐसे डिलीट करें अपना फेसबुक अकाउंट
अमेरिका में साल 2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में कैम्ब्रिज एनालिटिका ने डोनाल्ड ट्रंप के लिए 5 करोड़ फेसबुक यूजर्स का डाटा चुराया था। इस खुलासे के बाद से ही #DeleteFacebook सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है। अगर आप भी फेसबुक से तंग आकर उसे डिलीट करना चाहते हैं, तो जानिए इसके स्टेप्स।
Recommended Video


नई दिल्ली। फेसबुक डाटा लीक के बाद पूरी दुनिया में #DeleteFacebook ट्रेंड करने लगा है। पॉलीटिकल डाटा फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका पर लगे डाटा चोरी के आरोपों पर फेसबुक सीईओ मार्क जकरबर्ग चौतरफा घिर गए हैं। अमेरिका में साल 2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में कैम्ब्रिज एनालिटिका ने डोनाल्ड ट्रंप के लिए 5 करोड़ फेसबुक यूजर्स का डाटा चुराया था। इस खुलासे के बाद से ही #DeleteFacebook सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है। अगर आप भी फेसबुक से तंग आकर उसे डिलीट करना चाहते हैं, तो नीचे जानिए स्टेप्स-

फेसबुक से लीक हुआ 5 करोड़ यूजर्स का डाटा
दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे पॉप्यूलर सोशल मीडिया वेबसाइट फेसबुक पर 5 करोड़ डाटा लीक करने का आरोप लगा है। पॉलीटिकल डाटा फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका द्वारा 5 करोड़ यूजर्स का डाटा निकाल कर उसे 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में इस्तेमाल करने पर फेसबुक यूजर्स भड़के हुए हैं। यूजर्स फेसबुक से इतने खफा हैं कि उन्होंने इससे अपना अकाउंट ही डिलीट करना शुरू कर दिया है।

सोशल मीडिया पर ट्रेंड किया #DeleteFacebook
दुनियाभर में लोग #DeleteFacebook हैशटैग के जरिये बाकी लोगों से इसे डिलीट करने की अपील कर रहे हैं। अगर आपको भी डर है कि फेसबुक पर अपनी निजी जानकारी किसी थर्ड पार्टी को लग सकती है और आप इससे छुटकारा पाना चाहते हैं, तो फेसबुक को डिलीट कर सकते हैं। फेसबुक को डिलीट करना बड़ा ही आसान है। फेसबुक को अपनी जिंदगी से हटाने के दो तरीके हैं, अकाउंट डिएक्टीवेट करना और डिलीट करना।

डिएक्टीवेट और डिलीट, दो ऑप्शन देता है फेसबुक
अगर आप हमेशा के लिए फेसबुक नहीं छोड़ना चाहते और बस कुछ दिनों का ब्रेक चाहते हैं तो आप अपना अकाउंट डिएक्टीवेट कर सकते हैं। अकाउंट डिएक्टीवेशन का मतलब होता है कि आप जब चाहें तब अपने लॉग-इन डिटेल के साथ अकाउंट दोबारा ओपन कर सकते हैं। अकाउंट डिएक्टीवेट करने से आपका अकाउंट तब तक बाकी लोगों को नहीं दिखेगा, जब तक की आप दोबारा लॉग-इन करते। इस दौरान आपका सारा डाटा, तस्वीरें, स्टेटस वैसे ही रहेंगे और उसमें कोई बदलाव नहीं होगा।

डिलीट करने के साथ डिलीट हो जाएगा सबकुछ
वहीं अगर आप चाहते हैं कि आप फेसबुक से हमेशा के लिए विदाई ले लें और सोशल मीडिया साइट पर आपका कोई डाटा न रहे, तो आपको अपना अकाउंट डिलीट करना होगा। अकाउंट डिलीट करने के साथ ही आपका फेसबुक पर पोस्ट और शेयर किया सभी डाटा डिलीट हो जाएगा, लेकिन इससे फेसबुक मैसेंजर के जरिये भेजे गए मैसेज नहीं डिलीट होंगे। अगर आप इन सभी के बावजूद अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट करना चाहते हैं तो उससे पहले फेसबुक से अपना सारा डाटा निकाल लें। जीं हां! आप अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया सारा डाटा फेसबुक से मांग सकते हैं।

फेसबुक से ऐसे निकालें अपना सारा डाटा
फेसबुक से अपना डाटा मांगने के लिए एक बड़ी आसान सी प्रक्रिया है। इसके लिए अपने फेसबुक अकाउंट में लॉग-इन करें। लॉग-इन के बाद Settings के ऑप्शन में जाएं और General Settings पर जाकर Manage Your Account पर क्लिक करें। इसके बाद नीचे Download a copy of your Facebook data पर क्लिक करें। इसके बाद फेसबुक आपको आपके डाटा का एक जिप फोल्डर भेजेगा। इसमें आपकी पूरी जानकारी होगी।

अकाउंट डिलीट करने के लिए फॉलो करें ये स्टेप्स
इसके बाद आप अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट कर सकते हैं। इसके लिए फेसबुक में लॉग-इन करें। Settings में जाकर General Settings पर क्लिक करें। इसमें Manage Your Account पर जाएं और Request Account Deletion पर क्लिक करें। इसके बाद फेसबुक की प्रक्रिया को फॉलो करें। ये ध्यान रहे कि फेसबुक अकाउंट डिलीट होने में 90 दिन तक का समय लग सकता है। इसलिए एक बार प्रक्रिया से गुजरने के बाद दोबारा अपने अकाउंट में लॉग-इन न करें।












Click it and Unblock the Notifications