एग्जिट पोल के नतीजों में BSP चीफ मायावती को किस राज्य में मिला कितना फायदा?
Exit poll ke result: 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों ने हर किसी को हैरान कर दिया है। खासकर हिंदी भाषी राज्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में एग्जिट पोल के नतीजे सबसे ज्यादा उलझा रहे हैं।
मध्य प्रदेश में कुछ एग्जिट पोल भाजपा को जिता रहे हैं, तो कुछ कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दे रहे हैं। ऐसा ही हाल राजस्थान और छत्तीसगढ़ का भी है, जहां एग्जिट पोल के नतीजों ने कांग्रेस और भाजपा के नेताओं की नींद उड़ा दी है।

लेकिन, इन सबके बीच एक सवाल ये भी है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ ना जाने का ऐलान करने वाली बसपा सुप्रीमो मायावती को एग्जिट पोल में कितनी सीटें मिलीं। मायावती ने तीनों हिंदी भाषी राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अपने उम्मीदवार उतारे थे और कहा था कि वो ये चुनाव अकेले दम पर ही लड़ेंगी।
छत्तीसगढ़ में खेल करेगी BSP?
गुरुवार को जब एग्जिट पोल के नतीजे जारी हुए तो छत्तीसगढ़ से मायावती के लिए अच्छी खबर आई। छत्तीसगढ़ में इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में अनुमान जताया गया है कि कांग्रेस को 40 से 50 के बीच और भाजपा को 36 से 46 के बीच सीटें मिल सकती हैं। इनके अलावा 1 से 5 सीटें अन्य दलों के खाते में जा सकती है। एग्जिट पोल में बताया गया है कि अन्य के हिस्से में जो 1 से 5 सीटें हैं, उनमें दो सीटें भाजपा को मिलने के आसार हैं। अगर ऐसा होता है तो संभावना है कि मायावती छत्तीसगढ़ में किंगमेकर की भूमिका में नजर आएं।
राजस्थान में क्या नहीं खुलेगा खाता?
बात अगर राजस्थान की करें, तो पिछले विधानसभा चुनाव में यहां बीएसपी के 6 उम्मीदवार जीते थे, जो बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। हालांकि, एग्जिट पोल के नतीजों में इस बार बीएसपी को कोई फायदा मिलता हुआ नहीं दिख रहा है। एबीपी सी-वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, राजस्थान में इस बार बीएसपी को एक भी सीट मिलती हुई नजर नहीं आ रही। अन्य एग्जिट पोल में भी बीएसपी को लेकर अलग से आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
मध्य प्रदेश से मायावती के लिए अच्छी खबर
हालांकि, मध्य प्रदेश में बीएसपी के लिए एग्जिट पोल के नतीजे राहत देने वाले हैं। एबीपी सी-वोटर ने मध्य प्रदेश में मायावती की बीएसपी को 0 से 4 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। अन्य एग्जिट पोल में स्पष्ट तौर पर नहीं बताया गया है कि मध्य प्रदेश में बीएसपी का प्रदर्शन कैसा रहेगा। ऐसे में 3 दिसंबर को सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि चुनाव नतीजों में बीएसपी के खाते में कितनी सीटें जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications