आवाम दल के केजरीवाल पर आरोप, कहा कुमार विश्वास मूर्ख हैं या धूर्त
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के चंदे पर आप पार्टी के ही पूर्व कार्यकर्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि केजरीवाल ब्लैक मनी का इस्तेमाल पार्टी के लिये कर रहे हैं। इस नये संगठन का नाम है आवाम, जिसके सदस्यों ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी में चंदे की रकम मनी लांड्रिंग के जरिये आती है।

आवाम के सदस्य करण सिंह और गोपाल गोयल ने प्रसवार्ता में कहा कि आम आदमी पार्टी को कई ऐसी कंपनियों ने चंदा दिया है, जो बोगस हैं, जिनका कोई अस्तित्व नहीं है। चंदा देने वाली कंपनियां ऐसी हैं, जिनके अकाउंट में अचानक पैसा आता है और चंदा दिये जाने के बाद कंपनी के अकाउंट में एक भी पैसा नहीं जमा होता है।
अलग-अलग नाम से रजिस्टर्ड कंपनी से अलग-अलग 50-50 लाख रुपए का चंदा दिया गया है। ये वो कंपनियां हैं, जिनका पता झुग्गी-झोपड़ियों का दिया गया है।
कुमार विश्वास धूर्त या मूर्ख
गोपाल गोयल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पूर्व इंकम टैक्स कमिश्नर रह चुके हैं। आयकर विभाग में इसकी ट्रेनिंग दी जाती है कि कैसे किस तरह किस कंपनी की मनी लॉन्डरिंग पकड़ी जाये, उसके लिये वो सारे पैंतरे बताये जाते हैं, जो कंपनियां आजमाती हैं। लेकिन यहां तो केजरीवाल खुद मनी लॉन्डरिंग कर रहे हैं। अब यह देशद्रोह नहीं है तो क्या है।
गोयल ने कुमार विश्वास पर इस मनी लॉन्डरिंग में लिप्त होने के आरोप लगाते हुए कहा कि या तो वो मूर्ख हैं या फिर धूर्त हैं।
गोपाल गोयल ने आरोप लगाया है कि जिन कंपनियों से पार्टी को चंदा दिया गया है उनकी बैलेंस शीट में एक भी रुपए नहीं है। केजरीवाल चंदे के नाम पर इमानदारी की बात करते हैं लेकिन खुद चंदे के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। मैं सारी बातें पुख्ता सबूत के साथ कह रहा हूं। पूरे सबूत के साथ। अभी 2 करोड़ के सबूत मेरे पास हैं, बाकी 7 करोड़ के सबूत एक सप्ताह के अंदर एकत्र कर लूंगा।
गोपाल ने कहा कि अगर केजरीवाल को लगता है कि हम झूठ बोल रहे हैं, तो वो इसका जवाब दें। हम कोर्ट तक जाने के लिये तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications