ईशा गुप्ता ने पीएम मोदी को लिखा खत, भारतीयों के लिए लगाई मदद की गुहार
पिछले दिनों अपनी न्यूड फोटो से सनसनी फैलाने वालीं बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता एक बार फिर चर्चा में हैं।
नई दिल्ली। पिछले दिनों अपनी न्यूड फोटो से सनसनी फैलाने वालीं बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता एक बार फिर चर्चा में हैं। और इस चर्चा का कारण उनका ओपन लेटर है जो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को लिखा है। ईशा ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री को ये खुला खत भारतीयों की मदद करने के लिए लिखा है।
ईशा ने फेसबुक पर पीएम से गुजारिश करते हुए लिखा कि इरमा तूफान के चलते कैरीबियन आईलैंड सेंट मार्टिन पर बड़ी तादाद में भारतीय फंसे हुए हैं। उत्तरी अमेरिका महाद्वीप में आने वाला ये छोटा सा आईलैंड तूफान से पूरा बर्बाद हो गया है। ईशा ने लिखा, 'मैं हजारों भारतीयों की तरफ से आपको ये लिख रही हूं। भारत सरकार और दूतावास से गुजारिश करती हूं कि इस आईलैंड पर फंसे भारतीयों की जल्द से जल्द मदद की जाए। तूफान के बाद यहां हालात काफी खराब हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने लूटपाट शुरू कर दी है और भारतीय उनके निशाने पर हैं। वो बच्चों को मार रहे हैं और भारतीय महिलाओं का रेप कर रहे हैं। उन्होंने कस्टम हाउस से हथियार भी लूट लिए हैं।'
ईशा की गुहार को सुनते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वाराज ने ट्विटर पर बताया कि सेंट मार्टिन से लोगों को निकालने का काम जारी है। सेंट मार्टिन से अब तक 60 से ज्यादा भारतीयों को बचाया जा चुका है। इन भारतीयों के साथ 30 लोग दूसरे देशों के भी थे।