गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज, EC करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इस समय भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और दोनों ही राज्यों में इस साल विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखें (gujarat and himachal pradesh assembly election dates): केंद्रीय चुनाव आयोग आज दिल्ली में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव आयोग गुजरात और हिमाचल प्रदेश की चुनाव तारीखों का ऐलान कर सकता है। आपको बता दें कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इस समय भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और दोनों ही राज्यों में इस साल विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस के अलावा गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इस बार आम आदमी पार्टी भी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत से जुटी हुई है।
Recommended Video

गुजरात विधानसभा चुनाव 2017 में क्या था हाल
गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला था। इस चुनाव में भाजपा ने 99 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस के खाते में 79 सीटें गईं। वहीं 4 सीटों अन्य उम्मीदवार जीते थे। हालांकि इस बार समीकरण पूरी तरह अलग हैं और भाजपा के सामने आम आदमी पार्टी भी एक बड़ी चुनौती के तौर पर मौजूद है। दिल्ली के बाद पंजाब में जीत हासिल कर चुकी आम आदमी पार्टी दावा कर रही है कि वो गुजरात में भी सरकार बनाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा भी गुजरात में जोर-शोर से पार्टी के चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में कौन कितनी सीटें जीता
68 सीटों वाली हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल इसी साल दिसंबर में खत्म होने जा रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए सरकार बनाई थी। भारतीय जनता पार्टी को 68 में से 44 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि 21 सीटें कांग्रेस के खाते में गईं थी। 3 सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवार जीते थे। हिमाचल प्रदेश में भी इस बार आम आदमी पार्टी पूरा जोर लगा रही है। वहीं, कांग्रेस का दावा है कि हिमाचल प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और इस बार समीकरण उनके पक्ष में हैं। हालांकि भाजपा इन दोनों दलों के दावे को खारिज करते हुए भरोसा जता रही है कि प्रदेश में एक बार फिर से उनकी ही सरकार बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications