43 साल की एकता कपूर बनीं मां, सरोगेसी के जरिए हुआ बेटे का जन्म
मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर-डायरेक्टर और टेलीविजन क्वीन एकता कपूर के घर में खुशियां आई हैं।
नई दिल्ली। मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर-डायरेक्टर और टेलीविजन क्वीन एकता कपूर के घर में खुशियां आई हैं। दरअसल एकता कपूर मां बन गई हैं और उनके घर एक नन्हा मेहमान आया है। इस खुशी के मौके पर एकता को पूरे बॉलीवुड से बधाई संदेश मिल रहे हैं। एकता कपूर सरोगेसी के जरिए मां बनी हैं और उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ है। बताया जा रहा है कि सरोगेसी के जरिए बीती 27 जनवरी को उनके पहले बच्चे का जन्म हुआ। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, जन्म के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और बहुत जल्द घर आएगा। नए मेहमान के स्वागत को लेकर कपूर परिवार जोर-शोर से तैयारियों में जुटा हुआ है।

ट्विटर पर मिले बधाई संदेश
एकता कपूर के मां बनने की खबर मिलने के बाद बॉलीवुड से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं। एकता के साथ वेब सीरीज 'Bose - Dead/Alive' में काम करने वाले फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने ट्विटर पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा है, 'बहुत-बहुत बधाई और ढेर सारा प्यार एकता कपूर को। मातृत्व और इस खुशी में आपका स्वागत है। वहीं, एकता कपूर के करीबी दोस्त और फिल्म निर्माता संजय गुप्ता ने ट्विटर पर लिखा है, 'और यह आज सुबह की सबसे बड़ी दिल छू लेने वाली खबर है। एकता को बहुत-बहुत बधाई। मातृत्व और खुशियों की दुनिया में आपका स्वागत है। भगवान आपके बच्चे को अच्छा स्वास्थ्य और बहुत सारी मस्ती दे।'

तुषार कपूर भी सरोगेसी के जरिए बने पिता
आपको बता दें कि इससे पहले उनके भाई तुषार कपूर भी सरोगेसी के जरिए ही पिता बने थे। करीब तीन साल पहले सरोगेसी के जरिए पिता बने तुषार के बेटे का लक्ष्य कपूर है। एकता कपूर की अपने भतीजे लक्ष्य से काफी बनती है और वो अक्सर उसके साथ सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। एक टीवी इंटरव्यू में एकता कपूर ने बताया था, 'लक्ष्य के आने के बाद मेरी लाइफ पूरी तरह से बदल गई है। अगर मेरे जीवन में अब सबसे अहम कुछ है, तो वह है मेरा भतीजा लक्ष्य। हर दिन वह कुछ ना कुछ नया करता है और हम सब भी उसके साथ उसी तरह से आगे बढ़ते हैं। जब मैं काम पर होती हूं या कहीं बाहर जाती हूं तो हमेशा उसे मिस करती हूं। आपको बता दूं कि मेरे जीवन का लक्ष्य अब 'लक्ष्य' की देखभाल करना ही है।

अविवाहित हैं एकता कपूर
आपको बता दें कि फिल्म अभिनेता जितेंद्र और शोभा कपूर की बेटी एकता कपूर अविवाहित हैं। उन्होंने हाल ही में एरिका फर्नांडिस, पार्थ समथान और हिना खान के साथ 'कसौटी जिंदगी की' का दूसरा सीजन रिलीज किया है। कसौटी जिंदगी की-2 के अलावा, वह अल्टबालाजी के जरिए कई वेब-सीरीज के निर्माण में लगी हैं। हालांकि बॉलीवुड में एकता कपूर के अलावा भी ऐसे कई सितारे हैं, जिन्होंने सरोगेसी के जरिए बच्चों को जन्म दिया है। प्रोड्यूसर-डायरेक्टर करण जौहर भी सरोगेसी के जरिए ही पिता बने थे। उनके दो जुड़वां बच्चे यश और रूही हैं। इनके अलावा सरोगेसी से ही शाहरुख खान के बेटे अबराम खान का जन्म हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications