बजने जा रही है 8वें चरण के चुनाव की रणभेरी, 900 उम्मीदवारों का 'किस्मत-इलैक्शन'

आठवें चरण में आंध्र प्रदेश की 25 सीटों, बिहार की सात सीटों, जम्मू एवं कश्मीर की दो सीटों, उत्तर प्रदेश की 15 सीटों और पश्चिम बंगाल की छह सीटों के साथ ही उत्तराखंड की सभी पांच सीटों एवं हिमाचल प्रदेश की सभी चार सीटों पर मतदान कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- मोदी और टोपी
उत्तर प्रदेश में मतदान का यह पांचवां चरण होगा, जिसके तहत 15 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होना है। ये 15 लोकसभा सीटें अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फूलपुर, इलाहाबाद, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, कैसरगंज, श्रवस्ती, गोंडा, बस्ती, संतकबीरनगर और भदोही हैं।
इस चरण में राहुल गांधी, वरुण गांधी, स्मृति ईरानी, कुमार विश्वास, कुंवर रेवती रमण सिंह, बेनी प्रसाद वर्मा, राजकुमारी रत्ना सिंह, कीर्तिवर्धन सिंह, ब्रजभूषण शरण सिंह और निर्मल खत्री सहित कुल 243 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है।
आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ ही सीमांध्र क्षेत्र की 175 विधनासभा सीटों के लिए भी मतदान होगा। आंध्र प्रदेश का दो क्षेत्रों तेलंगाना एवं सीमांध्र में बंटवारा होने के बाद सीमांध्र क्षेत्र में पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहा है।
बिहार में लोकसभा की सात सीटों के लिए मतदान के साथ-साथ विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान कराए जा रहे हैं। लोकसभा की सात सीटों के लिए यहां 118 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सारण से पहली बार लोकसभा पहुंचने के लिए जोर आजमा रही हैं। यहां से भाजपा के राजीव प्रताप रूड़ी से उनका मुकाबला है।
हाजीपुर (सुरक्षित) सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान भी मैदान में हैं। 2009 में सात में से पांच सीटें जद (यू) के खाते में गई थीं, जबकि दो सीटें राजद के हिस्से में गई थीं। पश्चिम बंगाल की छह सीटों के लिए 72 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में वाममोर्चा पर अपनी छहों सीटों को बरकरार रखने का दवाब है। इस चरण में प्रमुख रूप से नौ बार से सांसद बासुदेव आचार्य, पूर्व अभिनेत्री मुनमुन सेन, संध्या राय और गायक बाबुल सुप्रियो मैदान में हैं।
जम्मू एवं कश्मीर की दो सीटों लद्दाख एवं बारामूला में मतदान कराए जाएंगे, वहीं उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश की सभी सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। सभी सीटों पर राजनेताओं ने पूरा ज़ोर लगा दिया है। फैंसले की घड़ी करीब है, जल्द ही मेहनत, लगन और भरोसे की परीक्षा का परिणाम आ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications