वाराणसी में बूथ केंद्रों की होगी वीडियोग्राफी, आईएएस प्रवीण कुमार होंगे तैनात

चुनाव आयोग ने भी वाराणसी के 'दम' की बात को स्वीकार करते हुए कहा कि यहां पोलिंग के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। आयोग ने वाराणसी में चुनाव के दौरान कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए सभी पोलिंग बूथों पर वीडियोग्राफी किए जाने का आदेश दिया है। यहीं नहीं आयोग ने वरिष्ठ आईएएस प्रवीण कुमार को यहां विशेष निगरानी के लिए भी तैनात किया है। लोकसभा चुनाव की सबसे हॉट सीट बन चुकी वाराणसी में 12 मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियों को आखिरी रूप दे दिया है। आयोग यहां खूब वोटिंग होने और कानून व्यवस्था में गड़बड़ी फैलने की संभावनाओं के मद्देनजर खास तैयारी कर रहा है। बता दें कि अपनी इन्हीं खास तैयारियों के मद्देजनर आयोग सीनियर आईएएस अफसर प्रवीण कुमार को विशेष ऑब्जर्वर बनाकर वाराणसी भेज चुका है।
वीडियोग्राफी से रहेगी आयोग की पैनी नजर:
प्रवीण कुमार ने शनिवार को 12 प्रत्याशियों से मुलाकात की। इस मीटिंग में कांग्रेस को छोड़कर बाकी सभी पार्टियों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इसमें फैसला किया गया कि हर पोलिंग सेंटर की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रत्याशियों से उनकी गाडि़यों की जानकारी मांगी गई। इसके अलावा, वाराणसी के बाहर के लोगों को शनिवार रात 8 बजे तक शहर छोड़ने को कहा गया। शनिवार को ही प्रवीण कुमार ने वाराणसी के डीएम से मुलाकात की। इसके अलावा, पोलिंग एजेंट्स से मुलाकात और कंट्रोल रूम का दौरा किया।
अफसरों ने भी माना वाराणसी का 'दम', कहा राह आसान नहीं:
1987 बैच के आईएएस 53 वर्षीय प्रवीण कुमार झारखंड के हजारीबाग के रहने वाले हैं। आईआईटी कानपुर से ग्रेजुएट प्रवीण तमिलनाडु में मुख्य चुनाव अधिकारी रह चुके हैं। वह पंजाब विश्वविद्यालय से एम फिल भी कर चुके हैं। इसके अलावा, मानव संसाधन मंत्रालय में भी 6 साल काम कर चुके हैं। प्रवीण कुमार का मानना है कि वाराणसी में चुनाव कार्य संपन्न कराना उन्हें मिली अभी तक की सबसे मुश्किल जिम्मेदारी हो सकती है। कुमार का कहना है, 'वाराणसी एक बहुत घना बसा इलाका है और यहां का मुकाबला बेहद दिलचस्प है पर मैं यहां यह देखने नहीं आया कि कौन किसे सपोर्ट कर रहा है। मेरा काम यह सुनिश्चित कराना है कि सभी अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट दे सकें।'












Click it and Unblock the Notifications