World Earth Day 2020: पृथ्वी दिवस के 50 साल पूरे, जानिए 22 अप्रैल को ही क्यों मनाया जाता है ये दिन
नई दिल्ली। दुनियाभर में हर साल 22 अप्रैल के दिन पृथ्वी दिवस (Earth Day) मनाया जाता है। पहली बार इस दिन को साल 1970 में मनाया गया था। पृथ्वी पर रहने वाले जीव-जंतुओं, पेड़-पौधों को बचाने और दुनियाभर में पर्यावरण के प्रति लोगों के बीच जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस (World Earth Day 2020) मनाया जाता है। इस दिन लोग पर्यावरण की महत्ता को समझ पाते हैं और उसकी बेहतरी के लिए संकल्प भी लेते हैं।
पृथ्वी दिवस या अर्थ डे शब्द का इस्तेमाल सबसे पहले जुलियन कोनिग ने किया था। उन्होंने साल 1969 में सबसे पहले लोगों को इस शब्द से अवगत कराया था। इस साल पृथ्वी दिवस की 50वीं वर्षगांठ है। इस खास मौके पर नासा (NASA) ने अपने ट्विटर अकाउंट पर स्पेस से पृथ्वी की कुछ अद्भुत तस्वीरों को लेकर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में दिखाया गया है सालों पहले से पृथ्वी ब्रह्ममांड से कैसी नजर आती है।
वीडियो में मौजूद सभी तस्वीरें Apollo-8 से ली गई हैं। इस वीडियो में दिखाया गया है कि 1968 से लेकर 2020 तक पृथ्वी का स्वरूप कैसा है। वीडियो को Earthrise का नाम दिया गया है। स्पेस से पृथ्वी पर सबकुछ कैसा नजर आता है ये दिखाया गया है।
क्या है पृथ्वी दिवस का इतिहास?
दुनियाभर में पर्यावरण के प्रति समर्थन और संरक्षण प्रदर्शित करने के लिए हर साल 22 अप्रैल को ये दिन मनाया जाता है। इसकी स्थापना अमेरिकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन ने 1970 में एक पर्यावरण शिक्षा के रूप की थी। अब इसे 192 से अधिक देशों में हर साल मनाया जाता है।
सीनेटर नेल्सन ने पर्यावरण को एक राष्ट्रीय एजेंडा में जोड़ने के लिए पहले राष्ट्रव्यापी पर्यावरण विरोध की प्रस्तावना दी थी। मशहूर फिल्म और टेलिविजन अभिनेता एड्डी अलबर्ट ने पृथ्वी दिवस, के निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। माना जाता है कि विशेष रूप से 1970 के बाद पृथ्वी दिवस को अलबर्ट के जन्मदिन, 22 अप्रैल, को मनाया जाने लगा।
पृथ्वी दिवस की थीम क्या है?
इस साल पृथ्वी दिवस की थीम क्लाइमेट एक्शन है। जलवायु में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लाइफ सपोर्ट सिस्टम को खतरा हो गया है। अर्थ डे ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक अब वक्त है कि दुनियाभर के सभी नागरिक जलवायु संकट से निपटने के लिए आगे आएं और साथ में काम करें क्योंकि ऐसा न करने के कारण लोगों का वर्तमान और भविष्य में आने वाली पीढ़ियों के लिए एक खतरनाक भविष्य तैयार हो रहा है।
अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस पर बोले पीएम मोदी- 'आइए कोरोना वॉरियर्स की जय-जयकार करें'