Dust storm Updates: केंद्रीय राज्य मंत्री की गाड़ी के आगे गिरा पेड़, आज भी आ सकता है बवंडर, पढ़ें 10 Facts
जयपुर। राजस्थान में बीते चार दिनों से आ रही आंधी ने बुधवार को बवंडर का रूप ले लिया। जोधपुर में 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए बवंडर के सामने जो आया वो तिनके की तरह उड़ गया। सबसे ज्यादा नुकसान भरतपुर, जोधपुर, धौलपुर, अलवर और झुंझुनू में हुआ। तबाही का यह तूफान राजस्थान में शाम बजे शुरू हुआ और करीब 8 बजे तक तांडव मचाता रहा। करीब 2 घंटे के अंदर राजस्थान में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।


बवंडर से राजस्थान में तबाही
बवंडर ने सिर्फ राजस्थान में ही तबाही नहीं मचाई बल्कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौत का तांडव किया। धूल के इस बवंडर के चलते पश्चिम और उत्तर भारत में अब तक 72 लोगों के मारे जाने और 130 के घायल होने की खबर है। पढ़े धूल के इस बवंडर से जुड़े और Updates

पढ़ें 10 अपटेड
1-बीकानेर में 10 डिग्री तो जयपुर में 8 डिग्री गिरा पारा
2-राजस्थान में बुधवार को सबसे ज्यादा गर्म बूंदी रहा। यहां का तापमान 47 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय जयपुर में भी तापमान 42.7 डिग्री था, लेकिन शाम को बवंडर आने के बाद यह 8 डिग्री गिर गया।
इसी प्रकार से बीकानेर में भी तापमान 10 डिग्री तक गिर गया। यहां दिन में तापमान 45 डिग्री था, जो कि बवंडर के चलते 35 डिग्री पर आ गया।
3-बवंडर के चलते धौलपुर के 3 गांवों में आग लग गई। इस आग में कई घर जलकर राख हो गए।

सड़कों पर गिरे पेड़
4-अलवर-भरतपुर कई स्थानों पर पेड़ और खंभे गिर गए। भिवाड़ी-सिकंदरा हाई-वे पर तो बिजली के तार गिरने से जाम लग गया।
5-धूल के बवंडर से यूपी में जान-माल का काफी नुकसान हुआ। उत्तर प्रदेश में बवंडर ने सबसे ज्यादा कहर आगरा पर बरपाया। यहां मरने वालों की संख्या 40 पहुंच गई है।
6-आगरा में बवंडर की रफ्तार करीब 132 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई जा रहा है। अकेले खेरागढ़ में 18 लोगों की मौत हुई है। फतेहाबाद में भी 10 लोग मारे गए हैं।

यूपी बिहार में भी बुरा हाल
7-उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के बिहारीगढ़ और नुकुड़ में पेड़ और दीवार गिरने से बच्ची समेत दो की मौत हो गई। यूपी के ही बिजनौर के नहटौर और धामपुर में भी दीवार और पेड़ गिरने से तीन की मौत हो गई। सहारनपुर के साढ़ौली कदीम में मदरसे की टीन शेड, लोहे के पाइप और ईंटें गिरने से आठ छात्र जख्मी हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर है।
8- धूल के बवंडर से बागबानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। सहारनपुर में आम काफी बाग हैं। यहां से विदेशों तक में आम का निर्यात होता है। बवंडर के कारण 20 से 30 फीसदी आम की फसल झड़ गई है।
9- मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों में धूल भरी आंधी के आसार हैं। गुरुवार सुबह तापमान कम रह सकता है, लेकिन शाम को धूल भरी हवा चलने की पूरी संभावना है।

उत्तराखंड में आंधी के साथ बारिश
10- उत्तराखंड में आंधी के साथ बारिश ने भी कहर बरपाया। चमोली जिले के नारायणबगड़ में बादल फटने से कर्इ दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। कुमाऊं में भी अंधड़ और बारिश ने कहर बरपाया है।
बारिश के चलते बद्रीनाथ हाई-वे में दो जगह करीब एक घंटे तक बंद रहा। अचानक आई आंधी के चलते केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा की गाड़ी के आगे पेड़ गिर गया। हालांकि ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए तेजी से गाड़ी मोड़ ली। हालांकि, पेड़ से बचने के चक्कर में गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी, लेकिन इस कोशिश में किसी को चोट नहीं आई।












Click it and Unblock the Notifications