राजस्थान: विजयादशमी के जुलूस पर पथराव के बाद कर्फ्यू, इंटरनेट और अखबार पर प्रतिबंध
जयपुर। राजस्थान के टोंक जिले में स्थित मालपुरा कस्बे में मंगलवार की शाम विजयादशमी के जुलूस पर पथराव किया गया है। कुछ अराजक तत्वों द्वारा किए गए पथराव के बाद से यहां का माहौल काफी बिगड़ गया। जिसके बाद जिला प्रशासन ने सुबह 6 बजे से आगामी घोषणा होने तक कर्फ्यू लगा दिया है।
इसके अलावा पुलिस ने रात 12 बजे के बाद से ही इंटरनेट सेवा को भी 48 घंटों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। सुबह से ही अखबारों के वितरण पर भी रोक लगा दी गई है। जिसके चलते रोडवेज बसों से पहुंचे अखबारों के बंडलों को कब्जे में ले लिया गया। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने नगर पालिका के कर्मचारियों की मदद से बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे रावण दहन कराया है।
कोई भी अप्रिया घटना ना घटे इस बात का ध्यान रखते हुए दशहरा मैदान में सुरक्षाबल के जवानों को तैनात किया गया है। रावण दहन का कार्य कलेक्टर केके शर्मा व एसपी आदर्श सिद्धू की मौजूदगी में पालिका कर्मचारियों द्वारा किया गया।
गौरतलब है कि यहां बीती शाम विजयादशमी के जुलूस पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया था। उस समय जुलूस में शिरकत करने वाले लोगों का स्वागत किया जा रहा था। इस घटना के बाद से जुलूस में भगदड़ मच गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी मुश्किलों के बाद लोगों को सुरक्षित दशहरा मैदान तक पहुंचाया था।
इस घटना के बाद उस समय परेशानी और बढ़ गई जब मालपुरा विधायक कन्हैयालाल चौधरी के नेतृत्व में एकत्रित लोगों ने रावण दहन से पहले पथराव करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इन लोगों ने दशहरा मैदान और बाद में पुलिस थाने के बाहर धरना देना शुरू कर दिया।
प्रियंका ने पति को लेकर किया खुलासा, पत्नी की याद आने पर कुछ ऐसा करते हैं निक