डुप्लीकेट रजनीकांत का फनी वीडियो इंटरनेट पर मचा रहा है धमाल, भरी महफिल में हो गई बेइज्जती
नई दिल्ली, जुलाई 9। सुपरस्टार रजनीकांत की फैन फॉलोइंग सिर्फ देश के अंदर ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। रजनीकांत के स्टाइल को कॉपी करने की कोशिश दुनिया में कई आर्टिस्ट करते हैं और कुछ इसमें सफल भी होते हैं, लेकिन एक आर्टिस्ट को रजनीकांत का स्टाइल कॉपी करना थोड़ा महंगा पड़ गया। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रजनीकांत के स्टाइल को कॉपी करने के चक्कर में ये आर्टिस्ट अपनी बेइज्जती करवा बैठा। हैरानी वाली बात ये है कि ये आर्टिस्ट सिर्फ रजनीकांत के स्टाइल को ही कॉपी नहीं कर रहा था, बल्कि उनके लुक को भी कॉपी कर चुका था। स्टेज पर रजनीकांत की एक्टिंग करने वाला ये आर्टिस्ट हू-ब-हू रजनीकांत की तरह नजर आ रहा है। ड्रेस अप सेंस, हेयर स्टाइल और दाढ़ी से ये शख्स बिल्कुल रजनीकांत लग रहा है।

कैसे स्टेज पर हुई बेइज्जती
दरअसल, वीडियो में देखा जा सकता है कि रजनीकांत का हमशक्ल उनके एक स्टंट को कॉपी करने की कोशिश करता है, लेकिन इस कोशिश में वो बहुत बुरी तरह से स्टेज पर गिर जाता है। डुप्लीकेट रजनीकांत कुर्सी के जरिए एक स्टंट करने की कोशिश करता है, लेकिन नाकाम रहता है। इस सीन को देखने के बाद ना तो वहां मौजूद लोग अपनी हंसी को रोक पाए और ना ही वो लोग अपनी हंसी रोक पाए, जिन्होंने ये वीडियो इंटरनेट पर देखा। वैसे ये बात तो सच है कि रजनीकांत के लुक को भले ही कोई कॉपी कर ले लेकिन उनके स्टंट को कॉपी करना वाकई बहुत मुश्किल है।

50 हजार से ज्यादा लाइक मिले वीडियो को
सोशल मीडिया पर डुप्लीकेट रजनीकांत के इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। ये वीडियो बहुत तेजी से वायरल भी हो रहा है। इंस्टाग्राम यूजर निरंजन महापात्रा ने इस वीडियो को शेयर किया है। इस वीडियो 766k व्यूज मिल चुके हैं और 50 हजार से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं।

अमेरिका से इलाज कराकर लौटे रजनीकांत
आपको बता दें कि सुपरस्टार रजनीकांत का स्वास्थ्य इन दिनों ठीक नहीं चल रहा है। पिछले महीने वो अपना इलाज कराने के लिए अमेरिका गए थे। इलाज कराकर रजनीकांत हिंदुस्तान वापस लौट आए हैं। गुरुवार को ही रजनीकांत हिंदुस्तान लौटे हैं। चेन्नई एयरपोर्ट पर उनकी एक झलक पाने के लिए उनके फैंस की भीड़ देखने को मिली। एयरपोर्ट पर रजनीकांत के लिए नारे भी लगाए गए। इस दौरान रजनीकांत ने हाथ दिखाकर फैंस का अभिवादन भी स्वीकार किया।












Click it and Unblock the Notifications