राहुल गांधी ने वैक्सीन को लेकर उठाए सवाल तो हर्षवर्धन ने उड़ाया मजाक, बोले- आपके सामने तो आर्यभट्ट नतमस्तक
नई दिल्ली, 16 जून: हाल ही में एक ऐसी रिपोर्ट सामने आई है जिसमें कहा गया है कि कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की दो खुराकों के बीच अंतराल बढ़ाने का फैसला सरकार ने पैनल की सुने बिना मनमाने ढंग से बढ़ाया था। इसको लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार के कामकाज के ढंग पर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी के सवाल उठाने के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने उनका मजाक उड़ाते हुए उनको कम समझ वाला नेता कहा है।

क्या है राहुल का ट्वीट
राहुल ने बुधवार को एक खबर का स्क्रीनशॉट ट्विटर पर शेयर किया। जिसमें सरकार के बिना पैनल की मर्जी के कोविशील्ड की दो डोज में गैप बढ़ाने की बात कही गई है। इसे शेयर करते हुए राहुल ने लिखा, देश को तुरंत व पूर्ण टीकाकरण चाहिए। मोदी सरकार की निष्क्रियता से हुई वैक्सीन की कमी को छुपाने के लिए भाजपा के रोज के झूठ और खोखले नारे नहीं! पीएम की झूठी छवि बचाने के लिए केंद्र सरकार की लगातार कोशिशें वायरस को बढ़ावा दे रही हैं और जनता की जान ले रही हैं।
राहुल गांधी के ट्वीट का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने लिखा- कोविशील्ड की डोज के बीच अंतराल बढ़ाने का फैसला पारदर्शी व वैज्ञानिक सबूतों पर आधारित है,लेकिन अतुल्य प्रतिभा के धनी कांग्रेस युवराज राहुल गांधी के ज्ञान के सामने तो आर्यभट्ट और अरस्तु जैसे विद्वान भी नतमस्तक हो जाएं। वैक्सीन पर भ्रम फैलाने का एजेंडा अब नहीं चलेगा।
राहुल गांधी के ट्वीट और हर्षवर्धन के उनका उपहास उड़ाने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य मंत्री के पिछले छह महीने के दौरान भारी कुप्रबंधन के चलते सिर्फ 3.51 फीसदी आबादी को ही दोनों डोज लग पाई। औसतन वैक्सीनेशन पिछले छह महीने के दौरान 17.23 लाख प्रति दिन रहा। हर दिन 17.23 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने से 16 जनवरी 2024 तक देश के सभी 94.50 करोड़ वयस्कों को वैक्सीन लग पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications