नए साल पर आपने नहीं किया कोई रेज्यूलेशन, तो आपके लिए यहां है कुछ खास
नई दिल्ली। हम नए साल 2019 मे कदम रख चुके हैं आपने नए साल पर अपने लिए कुछ करने का वादा खुद से नहीं किया है तो अभी भी आपके पास वक्त है। अपने आप से कुछ वादे, कुछ रेज्यूलेशन आप कर सकते हैं। हम हर साल खुद से वादा करते हैं कि इस बार कुछ नया सीखेंगे, तो ये आज से ही क्यों ना शुरू किया जाए। नए साल पर कुछ रेज्यूलेशन बनाइए और अपना दिन इससे शुरू कीजिए।
क्या आपको याद है कि आपने एक पूरी किताब कब खत्म की थी, या फिर किसी मैगजीन का कोई बढ़िया आर्टिकल कब पढ़ा था। आपको पढ़ने की आदत डालनी चाहिए और ये फेसबुक अपडेट, ट्वीट से अलग भी कुछ हो। आप अगर रोज पढ़ने की आदत नहीं रखते तो इसे शुरू करना चाहिए। ये एक शानदार रेज्यूलेशन होगा। बहुत से लोगों को सुबह-सुबह अखबार पढ़ने की आदत होती है, इन लोगों को अगर सुबह अखबार ना मिले तो ये अपने दिन को अधूरा मानते हैं।
एक अखबार में दुनियाभर की खबरें होती हैं और अगर आपके पास स्मार्टफोन है तो आपके तो हाथ में दुनियाभर की जानकारी है। फिर आपके ना पढ़ने की क्या वजह है। आप लगातार पढ़ेंगे तो दुनियाभर के घटनाक्रम की आपको जानकारी रहेगी। ना सिर्फ आप अपने देश में चल रहे मामलों को बेहतर समझ पाएंगे बल्कि दुनिया की भी खबर रहेगी।
रोजाना खबरें पढ़ने से एक इंसान को अपने देश की आर्थिक हालत, खेल, फिल्म, व्यापार, शेयर मार्किट वगैरह की खबर रहती है। साथ ही इससे राजनीति में क्या चल रहा है, सांस्कृतिक और आर्थिक तौर पर क्या गतिविधियां हो रही हैं, इसकी जानकारी मिलती रहती है। जो लोग खबरों को पढ़ने की आदत रखते हैं, वो खबरें पढ़कर ही सुकून पाते हैं।
इस साल अपनी रेज्यूलेशन लिस्ट में आसान, आपके बेहतरी की ओर ले जाने वाले लक्ष्य रखिए। अपनी जिंदगी में रोजाना एक छोटा सा बदलाव करेंगे तो महीने के बाद आप बेहतर महसूस करेंगे और पाएंगे कि 2019 आपके लिए बेहतरीन साल हो जाएगा।