Diwali के लिए ट्रेन टिकट बुकिंग शुरू, IRCTC ने खोला एडवांस रिजर्वेशन, खुलते ही पटना राजधानी में वेटिंग 200 पार
Diwali 2026 Train Ticket Booking Opens: दीपावली पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए आज का दिन बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने 8 नवंबर 2026 को पड़ने वाली दीपावली के आसपास की यात्रा के लिए एडवांस ट्रेन टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। आईआरसीटीसी पर सुबह 8 बजे से टिकट मिलने लगे हैं और त्योहार को देखते हुए कई लोकप्रिय ट्रेनों में सीटों की मांग अभी से काफी बढ़ गई है।
इस बार दीपावली रविवार को है, इसलिए बड़ी संख्या में लोग शुक्रवार यानी 6 नवंबर से ही घर जाने की योजना बना रहे हैं। 5 नवंबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग 6 सितंबर से शुरू हो गई है। दिल्ली से पटना, वाराणसी और उत्तर प्रदेश के कई शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में कुछ ही समय में वेटिंग बढ़ने लगी। ऐसे में त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए समय रहते टिकट बुक करना काफी जरूरी हो गया है।

सुबह 8 बजे से शुरू हुई बुकिंग
रेलवे के एडवांस रिजर्वेशन नियम के तहत यात्री अपनी यात्रा से पहले टिकट बुक कर सकते हैं। इसी के तहत 6 सितंबर 2026 को 5 नवंबर की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। IRCTC की वेबसाइट और ऐप पर सुबह 8 बजे से बुकिंग शुरू हुई। त्योहारों के समय लाखों लोग एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं, इसलिए वेबसाइट और ऐप पर भी काफी दबाव रहता है।
ये भी पढ़ें: आपको भी नहीं मिलता था तत्काल का कन्फर्म टिकट? CBI टेकी और IRCTC के सर्वर में सेंधमारी की पूरी कहानी!
दिल्ली-पटना राजधानी में वेटिंग 200 के पार
दीपावली से पहले ही कई प्रमुख ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ गई है। दिल्ली-पटना राजधानी एक्सप्रेस में 5 नवंबर के थर्ड एसी टिकट की वेटिंग सुबह करीब 9:30 बजे तक 202 पहुंच गई थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दिवाली के आसपास दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में कितनी भीड़ रहने वाली है। राजधानी के अलावा गरीब रथ और तेजस जैसी ट्रेनों में भी टिकट की मांग तेजी से बढ़ रही है।
शिवगंगा एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग
दिल्ली से वाराणसी जाने वाली लोकप्रिय शिवगंगा एक्सप्रेस में भी टिकटों की स्थिति तेजी से बदल रही है। 5 नवंबर की यात्रा के लिए स्लीपर क्लास में वेटिंग कुछ ही घंटों में 36 तक पहुंच गई। वहीं थर्ड एसी में वेटिंग बढ़कर 57 हो गई। दिल्ली-कानपुर-वाराणसी रूट की दूसरी प्रमुख ट्रेनों में भी सीटों की मांग काफी ज्यादा है। लिच्छवी एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी यात्रियों को टिकट के लिए जल्दी करना पड़ सकता है।
6 सितंबर से क्यों शुरू हुई बुकिंग?
रेलवे के मौजूदा नियमों के मुताबिक ट्रेन टिकट के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड 60 दिन का है। इसमें यात्रा वाले दिन को 60 दिनों की गिनती में शामिल नहीं किया जाता। चूंकि बड़ी संख्या में यात्री दीपावली से पहले घर जाने के लिए 5 नवंबर की यात्रा करना चाहते हैं, इसलिए इस तारीख के लिए टिकट बुकिंग 6 सितंबर से शुरू हुई है।
वहीं, 8 नवंबर को दीपावली है और इस बार त्योहार रविवार को पड़ रहा है। ऐसे में शुक्रवार और शनिवार से ही घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
त्योहार से पहले टिकट के लिए बढ़ी मांग
आमतौर पर लोग त्योहार से एक-दो दिन पहले ट्रेन पकड़कर घर जाना पसंद करते हैं। लेकिन दीपावली के दौरान ट्रेनों में पहले से ही भारी भीड़ रहती है। ऐसे में जो यात्री 5 या 6 नवंबर के आसपास यात्रा करना चाहते हैं, उनके लिए जल्द टिकट बुक करना फायदेमंद हो सकता है। आखिरी समय तक इंतजार करने पर पसंद की ट्रेन में कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो सकता है।
काउंटर के साथ ऐप पर भी रहता है दबाव
दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान टिकट बुकिंग शुरू होते ही रेलवे के आरक्षण केंद्रों पर भीड़ बढ़ती है। वहीं, ऑनलाइन बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप पर भी बड़ी संख्या में यात्री एक साथ पहुंचते हैं। इस वजह से यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की तारीख, ट्रेन और यात्री की जानकारी तैयार रखने की सलाह दी जाती है, ताकि बुकिंग शुरू होने के बाद ज्यादा समय न लगे।
60 दिन पहले बुक कर सकते हैं ट्रेन टिकट
रेलवे के एडवांस टिकट बुकिंग नियम के मुताबिक सामान्य तौर पर यात्री अपनी यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले आरक्षित टिकट बुक कर सकते हैं। इस बार दीपावली 8 नवंबर 2026 को है। त्योहार से पहले की यात्रा को देखते हुए 5 नवंबर के टिकट 6 सितंबर से उपलब्ध हुए हैं। आने वाले दिनों में दीपावली के आसपास की अलग-अलग तारीखों के लिए भी इसी नियम के अनुसार टिकट बुकिंग खुलती जाएगी।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में धूम-धाम से मनेगी दीपावली, कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली ने पारित किया दिवाली डे प्रस्ताव


Click it and Unblock the Notifications
